करौली

Rajasthan : करौली में एक ही परिवार के 4 सदस्यों ने विषाक्त पदार्थ खाया, दंपती और एक पुत्र की मौत, दूसरा गंभीर

Rajasthan : राजस्थान के करौली में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे दंपती और उनके एक पुत्र की मौत हो गई। जबकि दूसरे पुत्र का एसएमएस जयपुर में उपचार जारी है।
2 min read
Rajasthan Karauli family four members consumed toxic substance three died
Karauli : रामदयाल बैरवा (पिता), राजबाई (पत्नी), लक्ष्मी नारायण बैरवा (बेटा) और घटना की जानकारी लेते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक। फोटो पत्रिका

Rajasthan : राजस्थान के करौली के सपोटरा उपखंड क्षेत्र के बालौती गांव की बैरवा बस्ती में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक ही परिवार के चार सदस्यों ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे दंपती और उनके एक पुत्र की मौत हो गई, जबकि दूसरे पुत्र का जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल में उपचार जारी है। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इधर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की घटना पर सपोटरा विधायक हंसराज मीणा ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

तहसीलदार दिलीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि मृतक बालौती निवासी रामदयाल बैरवा (45 वर्ष) पुत्र लोहड़चया बैरवा, उनकी पत्नी राजबाई (41 वर्ष), पुत्र लक्ष्मीनारायण बैरवा (25 वर्ष) और विजयराज बैरवा (27 वर्ष) ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इसमें रामदयाल बैरवा, उसकी पत्नी राजबाई और पुत्र लक्ष्मीनारायण की मौत हो गई, जबकि दूसरे पुत्र विजयराज का जयपुर में इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतराम, कैलादेवी पुलिस उपाधीक्षक मीना मीणा, सपोटरा थाना प्रभारी अवजीत कुमार तथा कुडगांव थाना अधिकारी पूरणमल मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। कैलादेवी पुलिस उपाधीक्षक मीना कुमारी ने बताया कि मृतक रामदयाल बैरवा के भाई हरिलाल बैरवा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। परिजनों के अनुसार रामदयाल बैरवा और उसकी पत्नी लंबे समय से बीमारी से पीड़ित थे। इससे रामदयाल मानसिक तनाव में था। खेतीबाड़ी का काम करने से उनकी आर्थिक हालत भी कोई खास नहीं थी। आशंका है कि इसी मानसिक तनाव के चलते परिवार ने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने लिया जायजा, साक्ष्य जुटाए

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका राजबाई और लक्ष्मीनारायण बैरवा के शव सपोटरा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए, जबकि रामदयाल बैरवा का शव जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।

रिपोर्ट दर्ज, जांच शुरू

कैलादेवी पुलिस उपाधीक्षक मीना मीणा ने बताया कि मृतक रामदयाल बैरवा के भाई हरिलाल बैरवा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

कुछ दिनों पहले की थी पुत्रों की सगाई

बालोती गांव में हुई घटना ने सभी को झकझोर दिया। आत्महत्या करने वाले दंपती रामदयाल बैरवा व राजबाई ने कुछ दिनों पहले ही अपने पुत्रों की सगाई थी। हालांकि बीमार रहने से दंपती को मानसिक तनाव तो था लेकिन पुत्रों की सगाई से उनमें खुशी भी थी। लेकिन घटना के बाद खुशी काफूर हो गई।

परिवार में विवाह की तैयारियों का माहौल था। लेकिन अचानक हुई घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बालौती गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही मृतक के घर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। इस दौरान वहा परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा। पूरे गांव में दिनभर शोक का माहौल बना रहा। इधर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की घटना पर सपोटरा विधायक हंसराज मीणा ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

Updated on:
20 Jul 2026 10:55 pm
Published on:
20 Jul 2026 10:55 pm