कासगंज

कासगंज: स्वतंत्रता दिवस पर नहीं निकलेगी तिरंगा यात्रा! खुफिया विभाग अलर्ट

अभी तक प्रशासन ने 15 अगस्त के लिए किसी भी संगठन को तिरंगा यात्रा व जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी है। - प्रशासन सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए है।
2 min read
• •
Updated: 12 Aug 2018, 5:11 PM IST
kasganj police
कासगंज: स्वतंत्रता दिवस पर नहीं निकलेगी तिरंगा यात्रा! खुफिया विभाग अलर्ट

कासगंज। बीती 26 जनवरी पर तिरंगा यात्रा के दौरान हुई हिंसा के बाद कासगंज जिले में 15 अगस्त को लेकर खुफिया विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो चुका है। तिरंगा यात्रा या जुलूस निकाले जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। यात्रा की अनुमति मांगने वाले लोगों को चिह्नित करके उनके खिलाफ मुचलके पर पाबंद करने की कार्रवाई की गई है। अब तक 90 लोगों पर यह कार्रवाई की गई है।

सोशल मीडिया पर नजर

आपको बतादें कि बीती 26 जनवरी को तिरंगा यात्रा के बाद शहर में हिंसा की आग भड़क गई थी। एक युवक चंदन गुप्ता की हत्या हुई थी। हिंसा के हालात कई दिन तक चलते रहे। कई दुकानों मकानों में आग लगाई गई। कासगंज की हिंसा देशभर की सुर्खियों में रही। इस हिंसा की घटना के बाद जिले में माहौल खराब करने की कई बार कोशिशें हुईं। 15 अगस्त पर फिर से तिरंगा यात्रा और जुलूसों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो चुका है, तो वहीं दूसरी ओर तिरंगा रैली निकालने को लेकर लोग सोशल मीडि़या पर भी तरह तरह के पोस्ट किए जा रहे हैं। प्रशासन सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए है। शहर की सुरक्षा का प्लान तैयार कर लिया गया है। पूरे शहर में 10 दिन पहले से ही पुलिस ने ड्यूटी लगा दी है। अतिरिक्त पुलिस बल भी बाहरी जनपदों से पहुंच रहा है।जिलाधिकारी आरपी सिंह ने धारा 144 लागू कर दी है।

अभी तक तिरंगा यात्रा की परमीशन नहीं

अभी तक प्रशासन ने किसी भी संगठन को तिरंगा यात्रा व जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी है। पुलिस और प्रशासन की इस कार्रवाई से खलबली मच गई है। वहीं एएसपी डाॅ. पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि 15 अगस्त पर स्वतंत्रता दिवस को दृष्टिगत रखते हुए दो प्लाटून पीएसी, रेपिड एक्शन फोर्स को भी बुलाने की मांग की गई है। जिले की कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होने देंगे, सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वालों से भी सख्ती से निपटा जायेगा। 90 लोगों को अब तक पाबंद किया गया है।

Published on: