
Katni News :मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बहोरीबंद तहसील में आने वाले बाकल थाना इलाके के अंतर्गत ग्राम मढिया में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोपहर में नहाने के लिए घर से निकली दोनों किशोरियां जब देर शाम तक घर वापस नहीं लौटीं तो परिजन ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से दोनों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार की दो बेटियों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मढिया निवासी निधि लोधी (17 ) और उसकी छोटी बहन नेहा लोधी (14 ) शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गांव के बलराम तालाब में नहाने के लिए गई थीं। दोनों बहनें घर से सामान्य रूप से निकली थीं, लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता होने लगी। परिजनों ने पहले आसपास और रिश्तेदारों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार के सदस्य तालाब पहुंचे, जहां दोनों का कोई पता नहीं चल सका। अनहोनी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही बाकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तालाब में खोजबीन शुरू कराई। कई घंटों तक चले सर्च अभियान के दौरान दोनों बहनों को तालाब के अंदर से बाहर निकाला गया। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
हादसे के बाद मृतक बहनों के घर पर मातम का माहौल है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों का कहना है कि दोनों बहनें बेहद सरल स्वभाव की थीं और परिवार की उम्मीद थीं। एक साथ दो बेटियों की मौत ने परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक परिवार के घर पहुंच गए। हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध नजर आया।
थाना प्रभारी विजय विश्वकर्मा ने बताया कि ग्राम मढिया में दो किशोरियों के तालाब में डूबने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। ग्रामीणों की सहायता से दोनों को तालाब से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।