
Katni Bank Theft Attempt: मध्यप्रदेश के कटनी में ऑटो की किस्त चुकाने के लिए रकम की जरूरत पड़ी तो 21 वर्षीय युवक ने बैंक में चोरी करने की योजना बना डाली। रात के अंधेरे में पन्ना मोड़ स्थित सेंट्रल बैंक पहुंचकर मुख्य गेट का ताला तोड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन बैंक के अंदर दाखिल होकर चोरी करने में सफल नहीं हो सका। घटना के बाद सक्रिय हुई कुठला पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की और कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटना रात करीब 2.34 बजे की है। हरदुआ पन्ना मोड़ स्थित सेंट्रल बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर के सुरक्षा अधिकारी ने शाखा प्रबंधक विनीत सोलंकी को फोन कर सूचना दी कि बैंक के मुख्य गेट का ताला एक अज्ञात व्यक्ति तोड़ने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलने के बाद बैंक प्रबंधन ने सुबह मौके पर पहुंचकर जांच की। मुख्य गेट के ताले पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किए जाने के निशान मिले। बैंक के अंदर जांच करने पर कोई सामान चोरी होना नहीं पाया गया। इसके बाद शाखा प्रबंधक की शिकायत पर कुठला थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्ध की गतिविधियों और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस घंघरी कला निवासी गंगाराम चौधरी तक पहुंची। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बैंक में चोरी का प्रयास करना स्वीकार कर लिया।
थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उस पर ऑटो की किस्त चुकाने का दबाव था और रकम की जरूरत के चलते उसने बैंक में चोरी करने की योजना बनाई थी। पुलिस ने उसके कब्जे से दो पेचकस और एक छोटी आरी बरामद की है। इन्हीं औजारों से बैंक के ताले को तोडऩे की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।