कटनी

Katni News: दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, तीन मंजिला इमारत में जिंदा जला परिवार, छह की मौत

Diwali Fire: बरही में रात 12 बजे किराना दुकान में लगी आग ने कुछ ही देर में पूरी इमारत को लिया चपेट में, दो माह के मासूम सहित परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत, दमकल की फटी पाइप और तकनीकी खराबी ने राहत कार्य में डाली बाधा।
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 10:08 AM IST
katni fire
diwali fire three storey building six family members dead, जला हुआ मकान व विलाप करते परिजन (Source-Patrika)

Katni Diwali Fire: मध्यप्रदेश के कटनी में दीपावली की रात हुए एक भीषण हादसे में एक पूरा परिवार जिंदा जल गया। घटना बरही की है जहां वार्ड क्रमांक 11 में ये दर्दनाक हादसा हुआ और भीषण अग्निकांड ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जिस घर में आग लगी वो तीन मंजिला है, नीचे किराने की दुकान है और ऊपर की दो मंजिलों पर परिवार के लोग रहते थे। आग दुकान में लगी और इतनी तेजी से फैली की परिवार के सदस्यों को बचने का मौका ही नहीं मिला। घटना में परिवार के 6 लोगों की मौत हुई है जिनमें 2 महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है।

दीपावली की रात घर में लगी आग

घटना बरही के वार्ड क्रमांक 11 की है जहां पूरन अग्रवाल के घर में ये दुखद घटना हुई। पुलिस ने बताया कि तीन मंजिला मकान है जिसमें नीचे किराने की दुकान थी और ऊपर परिवार रहता था। दीपावली की रात करीब 12 बजे घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। घर में आग लगते ही परिवार के दो सदस्य रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे लेकिन बाकी सदस्य घर में आग की लपटों में फंस गए। बाहर निकलकर परिवार के सदस्यों ने शोर मचाया जिसके बाद आसपास के लोग जमा हो गए और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की।

दीवार तोड़ने के बाद मकान से शव निकालती रेस्क्यू टीम (Source-Patrika)

मां की गोद में लिपटा मिला मासूम

घटना की सूचना मिलते ही रात में पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कई घंटों की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर घर के अंदर पहुंच पाई। जब रेस्क्यू टीम मकान के अंदर पहुंची तो अंदर परिवार के सदस्यों के शव देख उनके भी रौंगटे खड़े हो गए। घर में जले हुए शव पड़े हुए थे, दो महीने के मासूम बच्चे का शव मां के शव से लिपटा हुआ मिला है।

अस्पताल में लोगों की भीड़, शोक मनाते परिजन (Source-Patrika)

इन लोगों की मौत

घटना में जिन लोगों की मौत हुई है उनमें 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, नातिन आर्या (14), अन्वी (6) और दो माह का मासूम शामिल है। हादसे में परिवार के दो सदस्य रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। इस घटना के बाद पूरे बरही नगर में मातम पसरा हुआ है। वहीं इस घटना के वक्त दमकल व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। आरोप है कि नगर परिषद बरही का दमकल वाहन घटना के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा और उसका भी पाइप फटा हुआ था, जिसके कारण आग बुझाने में परेशानी हुई।

Updated on:
9 Nov 2026, 10:08 AM IST
Published on: