
Katni Accident News: मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुए एक सड़क हादसे में एक परिवार उजड़ गया। घटना परसवारा गांव के पास की है जहां दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय शिक्षक दिलीप तिवारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार पिता की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मां का गंभीर हालत में अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
डोकरिया गांव के रहने वाले 40 वर्षीय दिलीप तिवारी अपने पिता विश्वनाथ तिवारी व मां के साथ बाइक से सिहोरा में एक रिश्तेदार के यहां हुई गमी में गए थे। वहां से लौटते वक्त शुक्रवार शाम करीब 6 बजे बरही थाना क्षेत्र के परसवारा गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दिलीप तिवारी को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत दिलीप तिवारी और उनके घायल माता-पिता को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान पिता विश्वनाथ तिवारी की भी कुछ देर बाद मौत हो गई, घायल मां का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों, परिचितों और क्षेत्र के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बरही पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस हादसे के कारणों और दूसरी बाइक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
दिलीप तिवारी सरस्वती स्कूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। वे विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ-साथ संगीत के क्षेत्र में भी खास पहचान रखते थे। आसपास के इलाकों में उनकी संगीत कला की काफी सराहना होती थी। एक अच्छे शिक्षक होने के साथ वे संगीतकार के रूप में भी लोगों के बीच लोकप्रिय थे। उनके असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक छा गया है।