कटनी

चाकू से गोदकर युवक की निर्मम हत्या, नाबालिग आरोपी फरार

Brutal Murder : चाकू से गोदकर मजदूर की निर्मम हत्या, नाबालिग आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हुआ। मछली मार्केट में मामूली विवाद बना जानलेवा। बिहार निवासी युवक की मौत।
2 min read
• •
Mar 09, 2026
Brutal Murder
चाकू से गोदकर युवक की निर्मम हत्या (Photo Source- Patrika Input)

Brutal Murder :मध्य प्रदेश के कटनी जिले के अंतर्गत आने वाले रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात मछली मार्केट के पास चाकूबाजी की वारदात में बिहार के रहने वाले एक मजदूर की मौत हो गई। मामूली विवाद के बाद एक नाबालिग बदमाश ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम उनसुनी ग्वालबाटी थाना सतरागाछी जिला हावड़ा (पश्चिम बंगाल) निवासी अभिषेक चौधरी ने रंगनाथ नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वो अमित पटेल और अपने भतीजे सहित मो. आसिफ अली (23) के साथ दिल्ली की एक कंपनी में इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। कंपनी के कार्य से वे लोग 26 फरवरी को कटनी आए थे और बरगवां निवासी श्री बजाज के कार्यालय में बिजली, वेल्डिंग और पेंटिंग का काम कर रहे थे।

जानें घटनाक्रम

बताया गया कि, 8 मार्च की रात करीब साढ़े आठ बजे सभी लोग बजाज के कार्यालय के बाहर खड़े थे। इसी दौरान मो. आसिफ अली खाना लेने के लिए जा रहा था। रास्ते में रंगनाथ नगर का एक नाबालिग युवक उसके पास आया और उसके पैर पर थूक दिया। इस बात पर आसिफ ने आपत्ति जताई, जिससे दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान आरोपी नाबालिग ने गाली-गलौज करते हुए अपने पास रखे चाकू से आसिफ अली की जांघ पर वार कर दिया। वार लगते ही आसिफ के पैर से तेज खून बहने लगा। घटना देख अभिषेक चौधरी, अमित पटेल और अन्य लोग उसकी ओर दौड़े, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।

इलाज के दौरान मौत

घायल आसिफ अली को तत्काल शासकीय जिला अस्पताल कटनी ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह ने बताया कि मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी नाबालिग की पहचान कर ली गई है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही उसे पकड़ लिए जाने की संभावना है।

Updated on:
09 Mar 2026 01:32 pm
Published on:
09 Mar 2026 01:32 pm