
Katni Bus Brake Failure Accident: मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही नगर में बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। यहां गहरवार सर्विस की बस क्रमांक MP 54 P 0203 का ब्रेक फेल होने से बेकाबू बस पुराने बस स्टैंड स्थित डोली रोड पर एक दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि सड़क किनारे खड़ी दो बाइक बस की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में दुकान की ओर बढ़ी। इस दौरान सड़क किनारे खड़े खेमराज सोनी और शंकर गुप्ता बस की चपेट में आकर उसके नीचे दब गए। घटना होते ही स्थानीय नागरिकों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने बस के नीचे फंसे दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। समय रहते लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा जनहानि और अधिक हो सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने और यातायात बहाल करने की कार्रवाई शुरू की गई। हादसे के बाद कुछ देर तक पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा।
इस दुर्घटना के बाद बरही नगर में वर्षों से लंबित बाईपास निर्माण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर के बीच से भारी वाहनों और यात्री बसों का लगातार आवागमन होता है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से बाईपास निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। नागरिकों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण नगरवासी लगातार जोखिम उठाने को मजबूर हैं। पूर्व में भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान गई और कई घायल हुए, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
स्थानीय लोगों ने नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और संकरी सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती है। नगर परिषद, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन द्वारा समय-समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। हादसे के बाद नागरिकों ने प्रशासन से बरही बाईपास निर्माण को प्राथमिकता देने, सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने, भारी वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इससे भी बड़े हादसे हो सकते हैं।