
Katni News :मध्य प्रदेश के कटनी जिले में बेहतर स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा सुविधाओं की मांग को लेकर कटनी एक्शन कमेटी ने सोमवार से कलेक्ट्रेट के सामने अनिश्चितकालीन सत्याग्रह की शुरूआत की है। दोपहर 12 बजे शुरू हुए सत्याग्रह में कमेटी से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में शहर के नागरिक और युवा शामिल हुए हैं। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और कटनी में तीनों सरकारी संस्थानों की स्थापना की मांग उठाई गई है।
इस संबंध में कटनी एक्शन कमेटी के संयोजक कृष्णा का कहना है कि, सत्याग्रह का मुख्य उद्देश्य जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेज, सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज और सरकारी लॉ कॉलेज की स्थापना की मांग को सरकार तक मजबूती से पहुंचाना है। कमेटी का कहना है कि कटनी में प्रस्तावित पीपीपी मॉडल मेडिकल कॉलेज के स्थान पर सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाना चाहिए।
कमेटी का कहना है कि, सरकारी मेडिकल कॉलेज शुरू होने से जिले भर के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की व्यवस्था हो सकेगी। साथ ही, स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के अवसर भी मिल सकेंगे वहीं, इंजीनियरिंग और लॉ कॉलेज की स्थापना होने से जिले के विद्यार्थियों को उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की जरूरत भी बहुत कम पड़ेगी। इस दौरान चैतू पटेल, डॉ. ए के खान समेत बड़ी संख्या में शहर के युवा, बेटियां, महिलाएं मौजूद हैं।
कमेटी ने स्पष्ट कहना है कि, तीनों मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट के सामने उनका अनिश्चितकालीन सत्याग्रह जारी रहेगा। यही नहीं, संस्था ने आंदोलन में नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से शामिल होने की अपील की गई है। सत्याग्रह स्थल पर नारेबाजी के साथ सरकार से कटनी की शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की मांग की जा रही है।