
Katni News : मध्य प्रदेश के कटनी में स्थित हरे माधव दरबार में 9 और 10 अक्टूबर को होने वाले वर्षी महोत्सव में इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कटनी के अलावा आसपास के जिलों से भी सिंधी समाज के लोग महोत्सव में शामिल होने पहुंचेंगे। इसे देखते हुए प्रशासन ने अभी से सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने आयोजन स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर और एसपी ने निर्माणाधीन पंडाल, प्रवेश और निकासी मार्ग, पार्किंग स्थल सहित आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को देखा। आयोजन समिति और सिंधी समाज के प्रतिनिधियों से चर्चा कर संभावित भीड़ और अब तक की तैयारियों की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आयोजन शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
महोत्सव में दूसरे जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे प्रमुख माध्यम होने के कारण रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं को भी सुरक्षा प्लान में शामिल किया गया है। रेलवे और जीआरपी अधिकारियों से यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही तथा आयोजन समिति और पुलिस के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की गई। स्टेशन से आयोजन स्थल तक श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी तैयारी की जा रही है। यातायात थाना आरआई अंजू लकड़ा और एसआई शशिभूषण दुबे ने भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
आयोजन स्थल पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में सबसे बड़ी चुनौती वाहनों के आवागमन और पार्किंग की होगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने के साथ प्रवेश और निकासी मार्गों को सुगम रखने के निर्देश दिए। आपात स्थिति के लिए आवश्यक व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पर भी जोर दिया गया। माधवनगर थाना क्षेत्र में आयोजन होने के कारण थाना प्रभारी के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
प्रशासन का फोकस केवल सुरक्षा और यातायात तक सीमित नहीं रहेगा। आयोजन स्थल पर पेयजल, टेंट, दुकानों और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था के लिए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और महोत्सव से पहले व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा।निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, नगर निगम के अधिकारी तथा जीआरपी और रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।