कटनी

VIDEO: ‘राहगीरी डे’ बना स्वच्छता और फिटनेस का उत्सव, जागृति पार्क में उमड़ा जनसैलाब, दिया गजब सन्देश

योग, खेल, जुम्बा और नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया स्वच्छ और स्वस्थ जीवन का संदेश, हर रविवार ऐसे आयोजन का संकल्प

4 min read
Apr 13, 2026
rahgeeri day katni

कटनी। शहर में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा शुरू की गई अभिनव पहल ‘राहगीरी डे’ ने रविवार सुबह जागृति पार्क को ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक संदेशों से भर दिया। सुबह की ताजी हवा के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में शहरवासियों की भारी भागीदारी देखने को मिली। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग—हर वर्ग के लोग इस आयोजन का हिस्सा बने और स्वच्छता व फिटनेस के संदेश को आत्मसात किया।


कार्यक्रम की शुरुआत अनोखे और आकर्षक अंदाज में की गई। मैदान में बड़े स्वरूप में तैयार किए गए सांप-सीढ़ी खेल ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। सबसे पहले बच्चों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया, इसके बाद महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में महिलाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बन गया। इसके साथ ही रस्साकशी प्रतियोगिता ने भी लोगों में खासा जोश भर दिया। विभिन्न समूहों में आयोजित इस प्रतियोगिता में महिलाओं और पुरुषों की टीमों ने अपनी ताकत और समन्वय का प्रदर्शन किया। हर राउंड में दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन ने प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया।

जुम्बा ने बढ़ाया उत्साह, थिरके कदम

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और ऊर्जा से भरपूर हिस्सा जुम्बा एक्टिविटी रही। जुम्बा एक्सपर्ट के निर्देशन में करीब आधे घंटे से अधिक समय तक संगीत की धुन पर लोगों ने जमकर डांस किया। महिलाएं, पुरुष और युवा सभी ताल से ताल मिलाते नजर आए। जुम्बा ने न केवल लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक किया, बल्कि उन्हें मनोरंजन का भी भरपूर अवसर दिया।

खेलों के जरिए फिटनेस का संदेश

राहगीरी डे में कैरम, शतरंज, गिप्पी, बोरा दौड़ और म्यूजिकल चेयर जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन खेलों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजयी प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भी अहसास कराया गया।

नुक्कड़ नाटक ने जगाई चेतना

कार्यक्रम के दौरान आकाश तिवारी के समूह द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने स्वच्छता अभियान को नई दिशा दी। नाटक के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने संदेश दिया कि यदि समय रहते प्लास्टिक का उपयोग नहीं रोका गया, तो यह पर्यावरण और मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया

लोगों को कपड़े के थैले और पुन: उपयोग योग्य वस्तुओं के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई, जिसमें उन्होंने अपने आसपास सफाई बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

योग सत्र से मिला स्वास्थ्य का मंत्र

कार्यक्रम में योग सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें योग विशेषज्ञों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सुबह के इस सत्र ने लोगों को दिनभर के लिए ऊर्जा और सकारात्मकता से भर दिया।

हर रविवार होगा आयोजन

नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने इस अवसर पर कहा कि शहर में हर रविवार इस तरह के ‘राहगीरी डे’ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महानगरों की तर्ज पर इस पहल का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि “जब शहर के नागरिक स्वच्छता को अपनाएंगे, तो न केवल उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा, बल्कि पूरा समाज भी स्वस्थ और जागरूक बनेगा। ऐसे आयोजनों से सामूहिक भागीदारी बढ़ती है और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलता है।

अगले आयोजन की तैयारी

नगर निगम द्वारा जानकारी दी गई कि अगले रविवार को यह आयोजन फारेस्टर प्लेग्राउंड में किया जाएगा, जहां टैटू सहित कई नई और रोचक गतिविधियां जोड़ी जाएंगी, ताकि और अधिक लोग इससे जुड़ सकें।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर आयुक्त तपस्या परिहार, डिप्टी कमिश्नर शैलेष गुप्ता, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, पार्षद रमेश सोनी, शिब्बू साहू, मौसूफ अहमद, गोविंद चावला, अनिल जायसवाल, निरंजन पंजवानी, शैलेंद्र प्यासी, आलोक तिवारी, मृदुल श्रीवास्तव, संजय सोनी, नायब तहसीलदार अतुलेश सिंह, सरोज बच्चन नायक, नीलम जगवानी, निशा तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मनोरंजन के साथ मिला मजबूत संदेश

‘राहगीरी डे’ का यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने शहरवासियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस पहल ने यह साबित कर दिया कि यदि सही दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाएं, तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाना संभव है। कटनी का यह प्रयास आने वाले समय में अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।

ये भी पढ़ें

मॉडल स्कूल की जमीन व मैदान पर कब्जा, 330 छात्र परेशान, सिमटते मैदानों से बच्चों का भविष्य प्रभावित
Updated on:
13 Apr 2026 10:32 am
Published on:
13 Apr 2026 10:31 am
Also Read
View All