कटनी

MSP पर धान बेचने की तैयारी में थे बिचौलिए! कटनी प्रशासन ने 179 क्विंटल अवैध स्टॉक पकड़ा

Illegal Paddy Storage : रीठी तहसील के मोहास गांव में प्रशासन ने व्यापारी के परिसर से 179 क्विंटल अवैध रूप से भंडारित धान जब्त किया। समर्थन मूल्य पर खरीदी से पहले बिचौलियों और व्यापारियों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई तेज।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 2:53 PM IST
Illegal Paddy Storage
मोहास में 179 क्विंटल अवैध धान जब्त (फोटो सोर्स: Patrika)

Katni News : मध्य प्रदेश के कटनी जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन शुरू होने से पहले ही प्रशासन ने अवैध रूप से धान का भंडारण और परिवहन करने वाले व्यापारियों, बिचौलियों के साथ - साथ दलालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में रीठी तहसील के ग्राम मोहास में एक व्यापारी के परिसर से 179 क्विंटल अवैध रूप से भंडारित धान जब्त किया गया है।

कृषि उपज मंडी के भारसाधक अधिकारी एवं एसडीएम जितेंद्र पटेल ने बताया कि तहसीलदार रीठी आकांक्षा चौरसिया के नेतृत्व में गठित टीम ने 21 नवंबर को ग्राम मोहास में व्यापारी जीतू पटेल के परिसर का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर में 179 क्विंटल धान का अवैध भंडारण पाया गया। टीम ने तत्काल धान जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान मंडी के उप निरीक्षक सुधीर त्रिपाठी, विकास नारायण मिश्रा और प्रशांत मौर्य भी मौजूद रहे।

मोहास में 179 क्विंटल अवैध धान जब्त (फोटो सोर्स: Patrika)

जांच के बाद होगी कार्रवाई

प्रशासन का कहना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अवैध भंडारण एवं परिवहन पर लगातार निगरानी की जा रही है। जब्त धान के मामले में विस्तृत विवेचना के बाद कृषि उपज मंडी समिति कटनी द्वारा नियमानुसार दांडिक कार्रवाई की जाएगी।

पहले ट्रक से पकड़ी थी 301.50 क्विंटल धान

गौरतलब है कि उड़नदस्ता दल ने इसके पहले कटनी-जबलपुर बायपास पर बिना वैध दस्तावेजों के 301.50 क्विंटल धान का परिवहन करते हुए एक ट्रक पकड़ा था। इस मामले में 88 हजार 930 रुपये का दांडिक शुल्क भी वसूल किया गया था। साथ ही मध्यप्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 की धारा 19 (4) के तहत प्रकरण तैयार कर कार्रवाई की गई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है।

Updated on:
22 Nov 2026, 2:53 PM IST
Published on: