
Katni News :मध्य प्रदेश के कटनी जिले में स्थित रेत की 49 खदानें कागजों पर करीब डेढ़ साल से बंद हैं, लेकिन इससे उलट जमीनी हकीकत ये है कि, पाबंदी के बावजूद सांठगांठ से अवैध उत्खनन और परिवहन का खेल यहां बेरोकटोक जारी है। रेत माफिया यहां नदियों की बीच धार में सड़कें बनाकर रात के अंधेरे में पोकलेन, जेसीबी और चेन माउंटेन जैसी भारी मशीनों से नदी को छलनी करते हुए रेत निकाल रहे हैं।
बरही और बड़वारा इलाके में भदार, उमराड़, महानदी और पिपही नदियों में बड़े स्तर पर माफिया खनन कराकर हैवी वाहनों से गांव के अंदर से परिवहन करा रहे हैं। कई जगहों में तो नदी के बहाव की दिशा तक बदल दी गई है। कटनी और उमरिया जिले की सीमा पर बहने वाली भदार नदी के मुडग़ुड़ी इलाके में ठेका कंपनी द्वारा नियमों को ताक पर रखकर रेत खनन कर रही है। इसके बाद मध्य प्रदेश के साथ छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इसी रेत की सप्लाई की जाती है।
सुतरी स्थित उमराड़ नदी में भी जेसीबी से रेत निकाली जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि उमरिया जिले की अनुमति का हवाला देकर रात के अंधेरे में कटनी जिले की सीमा में रेत खनन चल रहा है। जबकि दिन में उमरिया की सीमा में रेत निकासी दिखाई जाती है। रात में बड़ी मशीनों से सुतरी में खनन हो रहा है। बरही इलाके की छिंदहाई पिपरिया, महानदी-बहिरघटा की उमरार नदी, सुतरी-ताली मोहनी की पीपही नदी, सलैया-सिहोरा की पिपही नदी और खितौली के कर्चल्हा घाट स्थित उमरार नदी में भी माफिया बेधड़क खनन करा रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, नदी की बीच धार में ट्रैक्टर लगाकर दिन - रात धड़ल्ले से रेत निकाली जा रही है। हालात ये हैं कि, मनमाने उत्खनन से नदी का प्राकृतिक स्वरूप तक प्रभावित हो रहा है। अनुमति से अधिक या प्रतिबंधित क्षेत्र में खनन हो रहा है तो इससे शासन को राजस्व की भी क्षति हो रही है।
जिले में पहले रेत खनन का काम धनलक्ष्मी कंपनी के पास था। मझगवां, विलायतकला, बसाड़ी के समीप कंपनी द्वारा नाके बनाए गए थे। हाईवे और राजमार्ग पर इनकी मनमानी को पत्रिका ने प्रमुखता से उजागर किया था। इसके बाद कर्मचारी और नाके तो हटा दिए गए, लेकिन मौके पर उनके स्ट्रक्चर आज भी खड़े हैं। खनिज विभाग व प्रशासन स्ट्रक्चर नहीं हटवा पा रहा है।
बरही नगर की सड़कों पर रेत से भरे ट्रैक्टरों की लगातार आवाजाही ग्रामीणों के लिए परेशानी बन रही है। दिन - रात आबादी वाले इलाकों से गुजरते भारी वाहनों के बीच राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा दांव पर लगी हुई है। भदार नदी का क्षेत्र बांधवगढ़ के बफर जोन से जुड़ा होने के कारण संवेदनशील है। ऐसे इलाके में भारी मशीनों और वाहनों की आवाजाही से प्राकृतिक आवास प्रभावित होने की आशंका है।
इस मामले में खनिज उपसंचालक डॉ. रत्नेश दीक्षित का कहना है कि, जिले में रेत की खदानें बंद हैं। अवैध खनन की शिकायतों पर अभियान चलाकर जिलेभर की खदानों के रास्ते बंद कराए गए हैं। नाकों का स्ट्रक्चर शीघ्र हटवाया जाएगा। बरही इलाके में जिले की सीमा पर उमरिया जिले की खदानों से रेत निकासी हो रही है। अगर सुतरी में खनन हो रहा है तो इसकी औचक जांच की जाएगी।
-पत्रिका: जब जिले की खदानें बंद हैं और ठेका नहीं है तो नदियों से रेत खनन और परिवहन कैसे हो रहा है?
-कलेक्टर: कार्रवाईयां हो रही हैं। अवैध खनन बंद है। अगर कहीं पर हो रहा है तो वहां भी कार्रवाई कराई जाएगी।
-पत्रिका: नदियों की बीच धार में सड़क बनाने और पोकलेन-जेसीबी जैसी भारी मशीनें उतारने की क्या कोई अनुमति दी गई है?
-कलेक्टर: कटनी जिले में कहीं भी नदी की धार रोककर खनन नहीं हो रहा, अगर कहीं पर मशीन धार में लगाई जा रही है तो सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
-पत्रिका: पड़ोसी जिले उमरिया की अनुमति की आड़ में यहां डंप बनाने और रेत खपाने की क्या अनुमति है और इसकी जांच क्यों नहीं हो रही?
-कलेक्टर: उमरिया जिले से रेत कटनी में आ रही है। यहां पर रेत भंडारण और खपाने की कोई अनुमति नहीं है। अगर ऐसा हो रहा है तो जांच कराएंगे।
-पत्रिका: जब खनन-नाकों की अनुमति नहीं है तो सड़कों पर नाकों के स्ट्रक्चर अभी तक क्यों खड़े हैं और उन पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?
-कलेक्टर: पत्रिका द्वारा मामला उठाए जाने के बाद नाकों को निष्क्रिय कराया गया था। कंपनी का कोई चेकपोस्ट नहीं है। स्ट्रक्चर को हटवाने के लिए खनिज विभाग को निर्देश देंगे।