
Katni News :मध्य प्रदेश के कटनी शहर में स्थित एक ज्वेलरी शॉप में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। माधवनगर थाना इलाके स्थित किसना ज्वैलर्स के शोरूम में अज्ञात चोर पीछे की दीवार खोदकर अंदर दाखिल हुए और करीब 10 से 12 करोड़ रुपए कीमत के सोने और हीरे के आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात गुरुवार तड़के सुबह 4 बजे से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है। करोड़ों की इस चोरी की जानकारी सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, चोर पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने के लिए अंदर पहुंचे थे। उन्होंने शोरूम के पीछे की दीवार में सेंध लगाई और अंदर प्रवेश कर वहां रखे सोने और हीरे के आभूषण समेट लिए। बदमाश अपने साथ गैस कटर और सिलेंडर भी लेकर आए थे। वारदात वाले स्थान कुछ ही दूरी पर गैस कटर और सिलेंडर मिलने की जानकारी भी सामने आई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि, आरोपी चोरी के लिए जरूरी उपकरण पहले से लेकर वारदत को अंजाम देने पहुंचे थे।
शोरूम के पीछे का इलाका सुनसान है। यहां खदान और कब्रिस्तान होने के कारण रात के समय लोगों की आवाजाही नहीं के बराबर रहती है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने पीछे की तरफ से शोरूम में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। सुनसान क्षेत्र होने के कारण बदमाशों को चोरी के दौरान किसी की नजर में आने का डर भी कम रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। डॉग स्क्वायड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों के आने-जाने के रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।