MP News: घायल हालत में युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती, आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया...
MP News: मध्यप्रदेश के कटनी में एक युवक के गुप्तांग पर चाकू से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। इधर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पत्नी से अवैध संबंध के शक में आरोपी ने युवक पर जानलेवा हमला किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था।
कटनी के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चौक इलाके में रिश्तों पर अविश्वास ने एक युवक को लगभग मौत के मुहाने पर पहुंचा दिया। ऋतिक गोटिया नामक युवक ने शैलेंद्र गोटिया पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में शैलेंद्र के गुप्तांग पर गहरे घाव हुए, जिसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शैलेंद्र को अस्पताल भिजवाया।
रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरुणपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऋतिक गोटिया को शक था कि उसकी पत्नी के शैलेंद्र गोटिया से अवैध संबंध हैं। इसी संदेह के चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ा और आवेश में आकर ऋतिक ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। घायल शैलेंद्र की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।