
Katni Nurse Suspicious Death: मध्यप्रदेश के कटनी में एक 23 साल की नर्स की लाश किराए के कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सेजन नोनिया के तौर पर हुई है जो कटनी में एक निजी अस्पताल में नर्स थी और शहडोल जिले की रहने वाली थी। बताया गया है कि नर्स ने तीन महीने पहले ही किराए पर मकान लिया था। सुबह से उसके कमरे में किसी तरह की हलचल न होने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी थी। जिसके बाद पुलिस कमरे में पहुंची तो नर्स की लाश मिली।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान सेजन नोनिया के तौर पर हुई है जो कि मदन मोहन चौबे वार्ड में बीते करीब 3 महीने से मीना यादव के मकान में किराए से रह रही थी। सेजन एक निजी अस्पताल में नर्स थी। सुबह से सेजन के कमरे का दरवाजा नहीं खुला और कमरे में किसी तरह की हलचल न होने के कारण मकान मालिक को शक हुआ। मकान मालिक ने दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला, इसके बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कमरे में नर्स का शव मिला है, कमरे में इंजेक्शन के कुछ रैपर भी मिले हैं।
बताया गया है कि नर्स शुक्रवार रात को ड्यूटी कर रोजाना की तरह घर लौटी थी और अपने कमरे में चली गई थी। शनिवार को सुबह पानी भरने के लिए उसे पड़ोसियों ने आवाज दी तो कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस ने नर्स के परिजनों को शहडोल में सूचना दे दी है। प्रारंभिक जांच के दौरान कमरे से कुछ इंजेक्शन के अवशेष भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का नजर आ रहा है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस हर पहलू से जांच करने की बात कह रही है।