आरोपी की न्यायालय से दो दिन की और मिली रिमांड, पुलिस कर रही पूछताछ, 12 लोग हैं रडार पर, म्यूल खातों से लाखों के लेनदेन का अंदेशा
कटनी. थाना माधवनगर क्षेत्र में सामने आए धोखाधड़ी के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। फर्जी तरीके से बैंक खाते खुलवाकर लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन के मामले में पुलिस ने आरोपी को दो दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला 1 जनवरी से 14 फरवरी के बीच का बताया जा रहा है, जब बंधन बैंक, माधवनगर में एक व्यक्ति के नाम पर खाता खुलवाया गया और उसी खाते से बड़ी राशि का लेनदेन किया गया।
पुलिस के अनुसार अमित दाहिया पिता भल्लू दाहिया (29) निवासी जुहली थाना एनकेजे के नाम से बैंक खाता खुलवाया गया था, जबकि खाता खुलवाने और संचालन में योगेश बजाज जो कि कपड़ा कारोबारी है उसकी भूमिका सामने आई है, अमित योगेश के यहां का कर्मचारी है। प्रारंभिक जांच में यह भी उजागर हुआ है कि इसी तरह अन्य बैंकों, एचडीएफसी बैंक और आईडीबीआई बैंक सहित कुल पांच बैंकों के खातों से भी लेनदेन किए गए हैं। पुलिस ने इन सभी खातों की जानकारी एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
रिमांड अवधि समाप्त होने पर मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 19 फरवरी तक दोबारा पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी 8 से 10 बैंक खातों को ऑपरेट कर रहा था। इस पूरे नेटवर्क में शामिल करीब 12 लोगों को पुलिस ने चिन्हित किया है, जिनसे जल्द पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि खातों में जमा की गई राशि किस आधार पर डाली गई, क्या इनके पीछे कोई व्यापारिक लेनदेन है या किसी संगठित गिरोह का हाथ है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह लेनदेन म्यूल अकाउंट के जरिए किया जा रहा था, जिसमें असली लाभार्थी कोई और होता है और खाता किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर खुलवाया जाता है। जांच के दौरान आईपीएल के दौरान खेले गए सट्टे से जुड़े तार भी सामने आ रहे हैं, जिसे लेकर पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।
मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। बैंक खातों की पूरी चेन खंगाली जा रही है और जिन 12 लोगों को चिन्हित किया गया है, उनसे भी जल्द पूछताछ होगी। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। लिंक ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा व पूर्व में हुए आइपीएल से भी जुड़ रहे हैं।