18 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

परीक्षा के बीच तैयारी की चुनौती, विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मंत्र, प्राचार्य व प्राध्यापकों ने बताए स्मार्ट स्टडी टिप्स

महत्वपूर्ण टॉपिक्स, सूत्र, परिभाषाएं और संभावित प्रश्नों पर फोकस करें

2 min read
Google source verification

कटनी

image

Balmeek Pandey

Feb 18, 2026

Tips for success in exams

Tips for success in exams

कटनी. जिले सहित प्रदेश में इन दिनों बोर्ड परीक्षाओं का दौर चल रहा है। जहां एक ओर सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं प्रारंभ हो चुकी हैं, वहीं कुछ ही दिनों में कक्षा पांचवीं और आठवीं की बोर्ड पैटर्न पर परीक्षाएं भी शुरू होने जा रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि एक परीक्षा देकर तुरंत अगले विषय की तैयारी कैसे की जाए, ताकि परिणाम बेहतर आए और मानसिक दबाव भी कम रहे। इसी विषय को ध्यान में रखते हुए शासकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात, तिलक कॉलेज से डॉ. माधुरी गर्ग एवं डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों के लिए विशेष तैयारी टिप्स साझा किए हैं।
डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे परीक्षा के बाद उसी दिन अगले विषय का संक्षिप्त रिवीजन अवश्य करें। पूरे सिलेबस को दोबारा पढऩे के बजाय महत्वपूर्ण टॉपिक्स, सूत्र, परिभाषाएं और संभावित प्रश्नों पर फोकस करें। उन्होंने सलाह दी कि पढ़ाई को छोटे-छोटे सत्रों में बांटें और हर सत्र के बाद थोड़ी देर विश्राम जरूर करें।

तनाव से बचें, आत्मविश्वास बनाए रखें

डॉ. माधुरी गर्ग ने कहा कि लगातार परीक्षाओं के कारण तनाव स्वाभाविक है, लेकिन घबराहट से बचना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच बनाए रखने, पर्याप्त नींद लेने और संतुलित आहार लेने की सलाह दी। उनका कहना है कि परीक्षा से एक दिन पहले देर रात तक पढ़ाई करने के बजाय हल्का रिवीजन करें और समय पर सोएं, जिससे दिमाग तरोताजा रहे।

उत्तर लेखन की रणनीति पर ध्यान

डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह ने उत्तर लेखन की रणनीति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि उत्तर लिखने की प्रस्तुति भी महत्वपूर्ण होती है। प्रश्न को ध्यान से पढ़ें, उत्तर को साफ-सुथरी लिखावट में बिंदुओं में प्रस्तुत करें और जहां आवश्यक हो वहां उदाहरण अवश्य दें। समय का सही उपयोग करते हुए सभी प्रश्नों को हल करने का प्रयास करें।

कक्षा 5वीं और 8वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष सुझाव

विशेषज्ञों ने कक्षा पांचवीं और आठवीं के विद्यार्थियों के लिए कहा कि वे डरें नहीं, बल्कि इसे सीखने की प्रक्रिया के रूप में लें। नियमित पढ़ाई, पाठ्यपुस्तक पर आधारित तैयारी और अध्यापकों द्वारा बताए गए निर्देशों का पालन ही सफलता की कुंजी है। अभिभावकों को भी चाहिए कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उनका मनोबल बढ़ाएं। शिक्षाविदों ने कहा कि परीक्षा के बीच की तैयारी में नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच सबसे बड़ा हथियार है। यदि विद्यार्थी इन बातों का ध्यान रखें तो बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करना निश्चित है।