
Katni Ready Made Garment Cluster: मध्यप्रदेश के कटनी में रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर बनेगा। अंतर्राष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) दिवस पर शनिवार को जिले को सीएम मोहन यादव ने इसकी सौगात दी। सीएम मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित सशक्त उद्यमी, समृद्ध मध्यप्रदेश कार्यक्रम के दौरान टिकरिया-कैलवारा औद्योगिक क्षेत्र में बनने वाले रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर का ऑनलाइन भूमिपूजन किया। इसके साथ ही जिले की 55 औद्योगिक इकाइयों को 13.20 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से उनके खातों में अंतरित की।
जानकारी के अनुसार टिकरिया-कैलवारा औद्योगिक क्षेत्र में 445.85 लाख रुपये की लागत से करीब 2.98 हेक्टेयर भूमि पर रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के माध्यम से जिले में वस्त्र उद्योग को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष से मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, कलेक्टर आशीष तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, महाप्रबंधक उद्योग एवं व्यापार ज्योति सिंह, प्रबंधक राजेश पटेल सहित जिले के उद्योगपति एवं उद्यमी वर्चुअली शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने विधायक संदीप जायसवाल से बातचीत की। विधायक ने बताया कि टिकरिया-कैलवारा औद्योगिक क्षेत्र में पहले चरण में 67 औद्योगिक प्लॉट विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से लगभग 50 से 60 प्लॉटों के लिए उद्यमियों की सहमति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से 600 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है तथा जिले में रेडीमेड गारमेंट उद्योग को नई पहचान मिलेगी। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने उद्योगपति अमित सिंघई से भी वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान उन्होंने दाल उद्योगों को दी गई रियायतों और नए गारमेंट क्लस्टर की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर एमएसएमई प्रोत्साहन योजना-2025 की भी जानकारी दी गई। योजना के तहत नई औद्योगिक इकाइयों को प्लांट एवं मशीनरी में किए गए निवेश पर 40 प्रतिशत तक सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इस योजना और नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से कटनी आने वाले वर्षों में प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल हो सकेगा।