सर्वेयर द्वारा धान रिजेक्ट किए जाने से किसान भड़क उठे हैं, जिसके बाद उन्होंने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।
कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के कैलवारा कला में धान खरीदी केंद्र का विकास वेयरहाउस लमतरा इंडस्ट्रियल एरिया में बनाया गया है। यहां पर सर्वेयर द्वारा धान रिजेक्ट किए जाने से किसान एक बार फिर भड़क उठे हैं, जिसके बाद उन्होंने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। किसानों द्वारा सर्वेयरों के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन के कारण नेशनल हाइवे पर लंबा जाम लग गया, जिसके चलते राहगीरों को भी कई घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
देखें खबर से सबंधित वीडियो...
अव्यवस्था के खिलाफ किसानों ने की नारेबाजी
कटनी-मैहर मार्ग को जाम करते हुए किसानों ने अव्यवस्थाओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाइश देकर चक्काजाम रद्द करवाया। मौके पर नायब तहसीलदार रविंद्र पटेल पहुंचे, जिन्होंने खुद विकास वेयरहाउस में जाकर धान की गुणवत्ता परखी, जिसमें उन्होंने धान को सही पाया। साथ ही, पुष्टि कराने के लिए अधिकारियों को भी वेयर हाउस बुलाकर जांच शुरु करा दी गई है। वहीं, दूसरी तरफ किसानों ने कहा कि, अगर सर्वेयरों की इस तरह मनमानी जारी रही और उनके हितों को नजरअंदाज किया गया, तो अगली बार वो अपने धान नेशनल हाईवे में फैंक जाएंगे।
लंबे समय से चली आ रही समस्या, नहीं हो रहा निदान
बता दें कि, बीते कई दिनों से जिले के धान खरीदी केन्द्रों के वेयर हाउसों में सर्वेयरों द्वारा अनावश्यक धान रिजेक्ट किये जाने का विरोध धान खरीदी केंद्र प्रभारी भी कई बार कर चुके हैं। बावजूद इसके जिले के धान खरीदी केंद्रों में सर्वेयरों की मनमानी बढ़ती जा रही है। केंद्र प्रभारियों ने तो आरोप लगाते हुए यहां तक कहा है कि, सर्वेयर सिर्फ उन्ही किसानों का धान पास करते हैं, जिनसे उन्हें रिश्वत मिल जाती है। अन्यथा वो धान रिजेक्ट कर किसान को परेशान करते हैं। यही कारण है कि, आए दिन किसानों के विरोध धान खरीदी केन्द्रों पर देखने को मिलता रहता है।