कटनी

नपा अध्यक्ष के पति के बर्थडे पार्टी में टीआई के सामने लहराई गई तलवार, वीडियो वायरल

MP News: नगर परिषद अध्यक्ष के पति के जन्मदिन समारोह में उस समय हड़कंप मच गया, जब केक कटिंग के दौरान एक युवक ने सार्वजनिक स्थल पर तलवार लहरानी शुरू कर दी।
less than 1 minute read
Feb 17, 2026
sword brandished in front of police at the Municipal Council President husband birthday party MP News
sword brandished in front of police (Patrika.com)

MP News: कटनी के विजयराघवगढ़ में आयोजित एक जन्मदिन समारोह अब चर्चा का विषय बन गया है। नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी दुबे के पति एवं शासकीय शिक्षक हरीश दुबे का जन्मदिन बस स्टैंड के समीप मनाया जा रहा था, लेकिन कार्यक्रम के दौरान जिस तरह खुलेआम तलवार निकाली गई, उसने इसे सामान्य पारिवारिक आयोजन से अधिक शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केक काटने के दौरान एक युवक तलवार लहराने लगा। सार्वजनिक स्थल पर इस तरह का दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग असहज हो गए।

कार्यक्रम में उपस्थित थाना प्रभारी रीतेश शर्मा ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए तलवार अपने कब्जे में ली और युवक को कड़ी चेतावनी दी। कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, जिसके बाद पुलिस अधिकारी वहां से रवाना हो गए, हालांकि बाद में दोबारा लौटकर स्थिति का जायजा लिया।

बर्थडे पार्टी का वीडियो वायरल

13 फरवरी के इस बर्थ-डे कार्यकम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या यह महज उत्साह में हुई गलती थी या फिर सार्वजनिक रूप से प्रभाव दिखाने की कोशिश। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड जैसे व्यस्त क्षेत्र में इस प्रकार हथियार का प्रदर्शन आम नागरिकों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा करता है।

ये बोले जिम्मेदार

शिक्षक हरीश दुबे ने सफाई देते हुए कहा कि कुछ युवकों ने उत्साह में तलवार निकाल ली थी और तुरंत रखवा दी गई। थाना प्रभारी रीतेश शर्मा का कहना है कि मैं भ्रमण के दौरान वहां पहुंचा था। केक काटने के दौरान एक युवक अपने घर के पूजा घर से तलवार लेकर आ गया। तलवार देखते ही उसे फटकार लगाई गई और तलवार अंदर रखवाई गई। युवक को चेतावनी देकर छोड़ा गया है। (MP News)

Updated on:
17 Feb 2026 01:28 am
Published on:
17 Feb 2026 01:28 am