
katni news: एमपी के कटनी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रंगनाथनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 हजार नाइट्राजेपाम (नाइट्रावेट) टैबलेट के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 पैकेट में रखी प्रतिबंधित दवा जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट एवं मप्र ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा नगर पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ शिवा पाठक के मार्गदर्शन में रंगनाथनगर थाना पुलिस अवैध नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में देर रात को थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरुणपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री ग्राउंड के पीछे दो युवक प्लास्टिक की बोरी लेकर संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान बोरी में रखे 30 पैकेटों से कुल 9 हजार नाइट्राजेपाम टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार इन गोलियों का उपयोग नशे के लिए किया जाता है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान पंकज उर्फ देवा मिश्रा (38) एवं देवा कोल (21) निवासी बरगवां, थाना रंगनाथनगर के रूप में बताई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/21, 22 एनडीपीएस एक्ट तथा 5/13 मप्र ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गोलियां खरीदकर लाने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे जिले में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
नाइट्राज़ेपम टैबलेट (Nitrazepam Tablet) एक प्रिस्क्रिप्शन दवा है जिसका उपयोग गंभीर अनिद्रा (नींद न आने की समस्या) के अल्पकालिक इलाज के लिए किया जाता है। यह बेंजोडायजेपाइन वर्ग से संबंधित है जो मस्तिष्क को शांत करके नींद लाने में मदद करती है।
ये भी जानिए