
कौशाम्बी. जिले के कड़ा धाम के हनुमान घाट/शमशान घाट पर लगे नीम के पेड़ की आग की लपटें बारिश के बाद धीमी पड़ गई है। आग से जलकर पेड़ खोखला हो गया और बीच से टूटकर गिर गया। बावजूद इसके पेड़ से टूटकर गिरी डाल से 24 घंटे बाद भी आग की लपटें निकल रही है। क्या हिन्दू क्या मुस्लिम जो भी पेड़ की आग के बारे में सुन रहा है उसके कदम गंगा किनारे श्मशान घाट की ओर बढ़े जा रहे हैं। पेड़ से निकल रही आग की लपटों को चमत्कार व दैवीय आपदा बता लोगों ने पूजा-पाठ भी शुरू कर दिया है।
गौरतलब हो कि कड़ा धाम के गंगा किनारे स्थित हनुमान घाट/शमशान घाट पर लगे नीम के पेड़ में रविवार की सुबह से लगी आग दोपहर होते होते काफी तेज हो गई। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने आग को बुझाने की कोशिश किया लेकिन कामयाब नही हो सकी। पेड़ से निकली लपटों से पत्तियों को नुकसान नही पहुंचा। आग के साथ धुआं भी नही निकल रहा। शाम होते होते रहस्यमई आग की खबर सुनकर सैकड़ों लोगों की भीड़ घाट पर इकट्ठा हो गई। रात में हुई बारिश के बाद जल रहा पेड़ बीच से टूटकर गिर गया। पेड़ गिरने व बारिश से आग की लपटें धीमी पड़ गई है। टूटकर गिरी डाल से अभी भी आग लपट निकल रही है।
सोमवार की सुबह भी रहस्यमयी आग को देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ घाट किनारे जमा रही। क्या हिन्दू क्या मुसलमान सभी रहस्यमयी आग को देखने के लिए शमशान घाट पहुंच रहे हैं। साधु संतों के साथ तमाम महिलायें व पुरुष जल रहे पेड़ की पूजा करने लगे हैं। पेड़ की पूजा करने वालों का कहना है कि वह दैवीय आपदा से राहत पाने के लिए पेड़ से निकले अग्निदेव की पूजा रहे हैं।
By Shivnandan Sahu