
Fire in Crackers Factory:उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त एक दर्जन से अधिकारी मजदूर फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे थे। इसी दौरान विस्फोट हो गया, जिसमें सभी लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि 22 लोग घायल बताए जा रहे है। यह पटाखा फैक्ट्री मनोरी स्थित एयर फोर्स स्टेशन के काफी नजदीक थी, जिसके बाद एयरफोर्स के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। वहीं, घटना की जानकारी होने के बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, पटाखा फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे, इसी दौरान विस्फोट होने के बाद फैक्ट्री में आग लग गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि दूर तक विस्फोट की आवाज सुनाई दी। 2 किलोमीटर दूर से ही धुएं का अंबार दिखाई दे रहा था। इस हादसे में 8 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को फैक्ट्री से बाहर निकाला। सभी घायलों का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। वहीं, विस्फोट के कारण करीब आधा दर्जन मकान भी जमीनदोज हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इन मकानों में कई लोग मलबे में दबे हुए हैं, जिन्हें रेस्क्यू करने के लिए बुलडोजर की मदद से मलबे को हटाया जा रहा है।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। वहीं, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ ग्रामीणों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से झूलसे हुए लोगों को चारपाई पर लादकर स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचाएं हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी प्रकार का आधिकारिक बयान इस मामले में सामने नहीं आया है। फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम फैक्ट्री में लगी आग को बुझाने में जुट गई है।
कौशांबी के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी होने के साथ ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य में जुट गई। उन्होंने बताया कि फिलहाल फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। अब तक जितने लोगों को भी बाहर निकल गया है, उनमें से पांच ऐसे लोग हैं जिन्हें गंभीर चोटे लगी हैं, इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सभी को एसआरएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है और घायलों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मौके पर राहत और बचाव कार्य चल रहा है।