कौशाम्बी में घर के बाहर खेल रही मासूम बच्ची को अगवाकर गैंगरेप, हत्या कर शव झाड़ियों में फेंका।
कौशाम्बी. जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आयी है। एक छह साल की मासूम छात्रा को घर के बाहर से उठाकर उसके साथ गैंगरेप किया गया। उसके बाद बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गयी। इस मामले में पुलिस ने बच्ची के परिजनों की तहरीर पर गांव के ही तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनमें से दो का गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अभी तीसरा आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
मामला कौशाम्बी के पिपरी थाना क्षेत्र के एक गांव की है। बताया गया है कि यहां के एक निवासी मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालते हैं। उनकी सबसे छोटी बेटी गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा थी। रोज की तरह सोमवार को भी वह स्कूल से घर लौटी और उसके बाद खेलने के लिये बाहर चली गयी। बाहर ही खेलते समय अचानक वह रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गयी। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता होने लगी। शाम तक इंतजार किया पर काफी देर हो जाने के बाद भी वह नहीं लौटी तो घरवाले उसे खोजने निकल पड़े।
काफी खोजबीन के बाद भी रात में मासूम नहीं मिली। पूरी रात उसकी खोजबीन जारी रही। परिवार उसकी तलाश में भटक ही रहा था कि मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे के आस-पास गांव के बाहर मासूम बच्ची का शवपिपरी थाना से महज दो सौ मीटर की दूरी पर झाड़ियों में नग्नावस्था में पड़ा मिला। इस खबर के बाद तो सनसनी फैल गयी।
शव की हालत देखते ही पता चल रहा था कि उसके साथ किस हद तक दरिंदगी की गयी है। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी तो इलाके की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गयी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया। परिजनों की ओर से गांव के ही तीन युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्होंने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया।
by Shivnandan Sahu