कवर्धा

CG News: 8.44 करोड़ के विकास कार्यों से पंडरिया के गांवों में बदलेगी आवागमन की तस्वीर, सड़क नेटवर्क होगा मजबूत

Kawardha News: पहली परियोजना के अंतर्गत 5 करोड़ 8 लाख 91 हजार रुपए की लागत से मेनरोड से रैतापारा तक 7.50 किलोमीटर लंबी सडक़ का निर्माण किया जाएगा।

2 min read
Feb 08, 2026
सड़क को मिलेगा नया जीवन (photo source- Patrika)

CG News: ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्राम रैतापारा और कुम्ही में 8 करोड़ 44 लाख 37 हजार रुपए से अधिक की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया। यह आयोजन केवल औपचारिक नहीं, बल्कि क्षेत्र के दूरस्थ गांवों को मुख्य धारा से जोड़ने की ठोस पहल माना जा रहा है, क्योंकि इसमें सबसे अधिक जोर बारहमासी सड़क संपर्क पर दिया गया है।

कार्यक्रम का केंद्र बिंदु दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं रहीं, जिनका भूमिपूजन प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ एवं विकास योजना के तहत किया गया। पहली परियोजना के अंतर्गत 5 करोड़ 8 लाख 91 हजार रुपए की लागत से मेनरोड से रैतापारा तक 7.50 किलोमीटर लंबी सडक़ का निर्माण किया जाएगा। दूसरी परियोजना में 3 करोड़ 13 लाख 77 हजार रुपए की लागत से रेहुंटा से कुम्ही तक 4.86 किलोमीटर सडक़ बनाई जाएगी। इन दोनों सड़कों के बन जाने से पुतकी कला, पलानसरी, रैतापारा, कुम्ही, धोबघट्टी और रेहुंटा सहित आसपास के कई गांवों को पक्की और हर मौसम में उपयोगी सड़क सुविधा मिलेगी।

ग्रामीणों के लिए इन सड़कों का महत्व केवल आवागमन तक सीमित नहीं है। स्थानीय किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने में आसानी होगी, स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी और आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना भी सुगम होगा। लंबे समय से इन इलाकों में कच्ची सड़कों के कारण बरसात के दिनों में संपर्क कट जाने की समस्या रही है जिसे अब काफी हद तक दूर किया जा सकेगा। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष नंदिनी साहू, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट और राजेश्वरी धृतलहरे, जनपद सदस्य सुमन चंद्रवंशी, रानी चंद्रवंशी, रविशंकर चंद्रवंशी, पांडातराई मंडल अध्यक्ष प्रदीपपुरी गोस्वामी सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

CG News: ग्रामीणों को लाभ

सड़क निर्माण के साथ-साथ सामाजिक अधोसंरचना को भी प्राथमिकता दी गई। ग्राम कुम्ही में 11 लाख 69 हजार रुपए की लागत से बने नए आंगनबाड़ी भवन और 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। आंगनबाड़ी भवन से गर्भवती महिलाओं, शिशुओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रारंभिक शिक्षा बेहतर ढंग से मिल सकेगी। वहीं सामुदायिक भवन ग्राम सभाओं, बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों के लिए स्थायी मंच उपलब्ध कराएगा।

आवागमन सुधरेगा

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है। उन्होंने रेखांकित किया कि बारहमासी सड़कों से न केवल आवागमन सुधरेगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। उनके अनुसार जब गांव बेहतर सड़क से जुड़ते हैं तभी विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच पाता है। विधायक ने यह भी कहा कि इन परियोजनाओं से पंडरिया और पांडातराई क्षेत्र में ग्रामीण सशक्तिकरण को बल मिलेगा।

लंबे समय से मांग रही

बेहतर सड़क संपर्क के कारण स्थानीय बाजारों तक पहुंच आसान होगी, स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन भी अधिक प्रभावी होगा। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने सडक़ परियोजनाओं का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से इन मार्गों की मांग की जा रही थी। कई गांवों के लोग बरसात के दिनों में मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए घंटों पैदल चलने को मजबूर रहते थे, लेकिन अब हालात बदलने की उम्मीद है।

Updated on:
08 Feb 2026 01:01 pm
Published on:
08 Feb 2026 12:47 pm
Also Read
View All

अगली खबर