
कवर्धा. मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की विकास यात्रा आज रविवार को कवर्धा जिले के पंडरिया पहुंची। यहां मुख्यमंत्री ने एक आमसभा को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए तीन घोषणाएं की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेसियों पर जमकर भड़ास भी निकाली। आमसभा में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पंडरिया विधानसभा में हुए विकास कार्यों के बारे में लोगों को जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए तीन घोषणाएं की, जिसके तहत विद्युत के भारी भरकम बिजली बिल से छुटकारा मिलेगा। एक पंप में पहले 7500 यूनिट बिजली तक की छूट रहती थी, अब नियत छूट से ज्यादा बिजली खपत होने पर किसान फ्लैट रेट में बिजली बिल भुगतान कर सकेंगे। किसानों को पहले सिर्फ एक पंप पर ही छूट मिला करती थी, लेकिन अब अन्य पंपों पर भी फ्लैट रेट में भुगतान पर छूट देगी।
वहीं पांच हॉर्स पावर पंप के लिए राज्य सरकार ने पंप ऊर्जीकरण के लिए एक लाख राशि का अनुदान योजना फि र से शुरू कर दी है। साथ ही किसानों के धान बोनस की राशि जारी करने की शुरुआत की। बड़ी संख्या में हितग्राहियों को सामग्री वितरण किया गया। इस दौरान वनमंत्री महेश गागड़ा, सांसद अभिषेक सिंह, संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे। साथ ही करीब 20 हजार की जनता मौजूद थे।
कांग्रेसियों पर बरसे
मुख्यमंत्री ने सभा के दौरान कांग्रेसियों पर जमकर बरसे। उन्होंने पंडरिया में विकास के मुद्दे को लेकर कहा कि कांगे्रसियों को शर्म आनी चाहिए। देश में 60-70 साल राज करने के बाद भी यहां विकास नहीं किया। यहां के लोगों को बंधक बनाकर नर्क में रखा। उन्होंने शासन की योजनाओं का विरोध करने वाले कांग्रेसी सबसे पहले योजना का लाभ लेते हैं।