
Kawardha Police Action: सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और दुकानों में अवैध रूप से शराब पिलाने की सुविधा देने वालों के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। 22 नवंबर को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत 11 प्रकरण दर्ज कर 11 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं जुआ खेलने के मामले में पांच लोगों को पकडक़र 6300 रुपए नकद और ताश की गड्डी जब्त की गई। पुलिस की कार्रवाई में सबसे अधिक मामले पंडरिया थाना क्षेत्र में सामने आए। यहां सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले छह लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च)(1) के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा अपनी दुकान में लोगों को शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने पर एक दुकानदार के खिलाफ धारा 36(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया। इस तरह पंडरिया पुलिस ने सात अलग-अलग मामलों में सात आरोपियों पर कार्रवाई की। दामापुर चौकी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते मिले एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम दशरंगपुर में दुकानों पर शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के तीन मामले सामने आए। पुलिस ने तीन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शराब और नकद रकम जब्त की।
इधर कवर्धा थाना क्षेत्र के ग्राम दौजरी स्थित महामाया मंदिर की परछी में ताश के 52 पत्तों से रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे पांच लोगों को पुलिस ने पकड़ा। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मौके से 6300 रुपए नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
पंडरिया, दामापुर और पिपरिया क्षेत्र में आबकारी अधिनियम के कुल 11 प्रकरणों में 11 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई हुई। पुलिस के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, दुकानों में अवैध रूप से शराब पिलाने और जुआ जैसी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।