Petrol-Diesel: कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिले के पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर ईंधन आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की, स्पष्ट निर्देश दिए कि पेट्रोल-डीजल की कमी की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी...
Petrol-Diesel: कवर्धा जिले में पेट्रोल और डीजल की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर ईंधन आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी या ड्राइ जैसी स्थिति नहीं बनने दी जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पंप में कम से कम एक सप्ताह का पर्याप्त स्टॉक अनिवार्य रूप से बनाए रखा जाए। साथ ही न्यूनतम रिजर्व स्टॉक की स्थिति हर समय बनाए रखने के लिए अग्रिम इंडेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि समय रहते आपूर्ति हो सके और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सभी पंप संचालकों को कड़ाई से पालन करना होगा।
इसके तहत अब प्रत्येक कार्य दिवस में पेट्रोल और डीजल की खरीदी और बिक्री से संबंधित दैनिक जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। इससे प्रशासन ईंधन आपूर्ति की स्थिति पर नियमित निगरानी रख सकेगा। बैठक में खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन, सहायक खाद्य अधिकारी मदन मोहन साहू सहित जिले के सभी प्रमुख पेट्रोल पंप संचालक उपस्थित रहे।
पेट्रोलियम उत्पादों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए खाद्य विभाग द्वारा राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इसी क्रम में कबीरधाम जिले में कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 21 स्थित खाद्य शाखा में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। इस कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 07741232048 है, जहां नागरिक पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस सिलेंडर से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का नंबर 07712511975 भी जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ पेट्रोलियम एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय पाण्डेय ने बताया कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। भारत पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के डिपो में आगामी एक माह तक का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त भंडारण के कारण प्रदेश के सभी जिलों में स्थित पेट्रोल पंपों को नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति जारी रहेगी और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।