कवर्धा

Chhattisgarh News: ग्रामीणों की मांग पर बड़ा फैसला, इस जिले के 173 स्कूलों में बालिका शौचालय और 28 गांवों में बनेंगे मुक्तिधाम-प्रतीक्षालय

Kawardha News: ग्रामीणों की मांग और स्थल निरीक्षण के आधार पर कबीरधाम जिले में 9.15 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। इसके तहत 173 स्कूलों में बालिका शौचालय और 28 ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे।
2 min read
Aug 29, 2026
Chhattisgarh News
ग्रामीणों की मांग पर बड़ा फैसला (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Kabirdham Development Works: कबीरधाम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ाने की तैयारी है। विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण योजना के तहत ग्रामीणों की मांग और स्थल निरीक्षण के आधार पर जिले में 173 बालिका शौचालय और 28 मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय के निर्माण को मंजूरी दी गई है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीणों की मांग और स्थल निरीक्षण के आधार पर इन कार्यों को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में बालिका शौचालय निर्माण के लिए जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था।

आवश्यकता के अनुसार 173 प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं का चयन किया गया है। वहीं, मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय के 28 कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। इनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने के साथ निर्माण कार्यों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है। मैदानी कर्मचारियों को सभी कार्य जल्द शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्यों के लिए ग्राम पंचायतों को एजेंसी नियुक्त किया गया है।

श्रमिकों को सीधे बैंक खाते में मिलेगा भुगतान

स्वीकृत निर्माण कार्यों में नियोजित पंजीकृत श्रमिकों को कार्य करने पर प्रतिदिन 300 रुपए की मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है। मजदूरी की राशि सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में जारी की जा रही है। इससे स्थानीय पंजीकृत श्रमिकों को रोजगार और आय का अवसर भी मिलेगा।

Chhattisgarh News: 28 पंचायतों में काम

ग्रामीणों की मांग के आधार पर जिले की 28 ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है। इसके लिए 1 करोड़ 68 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। इन कार्यों से ग्रामीणों को 7,266 मानव दिवस का रोजगार मिलेगा। जनपद पंचायत कवर्धा में 1, बोड़ला में 16, पंडरिया में 3 और सहसपुर लोहारा में 8 ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय का निर्माण किया जाएगा।

बालिकाओं को मिलेगी सुविधा

जिले के चारों जनपद पंचायत क्षेत्रों की कुल 173 प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में बालिका शौचालय निर्माण स्वीकृत किया गया है। इसके लिए 7 करोड़ 47 लाख 61 हजार रुपए की राशि मंजूर की गई है। निर्माण कार्यों से 33,011 मानव दिवस का रोजगार सृजित होगा। जनपद पंचायत कवर्धा क्षेत्र के 25, बोड़ला के 46, पंडरिया के 86 और सहसपुर लोहारा के 16 स्कूलों में बालिका शौचालय बनाए जाएंगे। निर्माण पूरा होने के बाद इन स्कूलों में अध्ययनरत छात्राओं को सम्मानजनक और आवश्यक स्वच्छता सुविधा उपलब्ध होगी।

40,277 मानव दिवस का रोजगार मिलेगा

इन दोनों कार्यों के लिए कुल 9 करोड़ 15 लाख 61 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को कुल 40,277 मानव दिवस का रोजगार मिलेगा। योजना के तहत स्वीकृत बालिका शौचालयों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में छात्राओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

Updated on:
29 Aug 2026 06:51 pm
Published on:
29 Aug 2026 06:51 pm