
कवर्धा . बरसात में बारिश का पानी नालियों में बह निकलता है। इसका उपयोग ही नहीं हो पाता, जबकि बारिश के पानी का सालभर उपयोग निस्तारी के लिए किया जा सकता है। साथ ही भू-जल स्तर को बढ़ाने में मदद भी सकती है। लेकिन लोगों में जागरुकता की कमी और सरकारी तंत्र की कमजोरी के कारण पानी की बचत नहीं कर पा रहे हैं।
गुजरात में एक फाइव स्टार हॉटल है। यहां पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के जरिए बरसात भर बारिश के पानी को एकत्रित किया जाता है। इस पानी को थोड़ा ट्रीटमेंट करके उपयोग में लाया जाता है। पानी को होटल में ही सप्लाई किया जाता है। खाना पकाने के अलावा बारिश के पानी को ही लोगों को सालभर पिलाया जाता है।
पानी एकदम फिल्टर रहता है। पानी को लेकर कभी कोई शिकायत नहीं मिली। यह एक बेहतर प्रयास का उदाहरण है जिससे बारिश के पानी का उपयोग और भूजल स्तर में सुधार करने की सीख मिलती है। जिला प्रशासन की मदद से कबीरधाम जिले के हर गांव व शहर में छोटे-बड़े स्तर पर प्रयास किए जा सकते हैं।
भूजल स्तर को बढ़ाने के लिए वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बहुत कारगर साबित हो चुकी है। इसे सभी जगह लागू करने के लिए शासन-प्रशासन के आदेश भी हैं, लेकिन जिले के कई शासकीय भवन हैं जहां पर यह सिस्टम नहीं लगाए गए हैं। जल्दबाजी के चक्कर में अधिकारी आदेश को दरकिनार कर देते हैं।
जिले के वाटर लेवल तेजी से कम हो रहा है। स्थिति का आंकलन गर्मी के दिनों में होता है जब हैण्डपंप पर घंटों मेेहनत करने के बाद भी बमुश्किल से कुछ लीटर पानी निकलता है। इस वर्ष कवर्धा और लोहारा ब्लॉक के वाटर लेवल 150-160 फीट से भी ज्यादा गिर चुका है। ऐसे में यदि आज वाटर लेबल को रिचार्ज नहीं किया जाएगा तो कल के लिए पानी भी नहीं मिलेगा।
वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम पानी को संरक्षित रखने का सामान्य तरीका है। बरसात व अन्य दिनों में जमा होने वाले बारिश के पानी को पाइप के जरिए भूमि के नीचे डाला जाता है। इसके लिए भवन के किनारे पर पांच से 10 फीट की गहराई तक पाइप डाला जाता है, जिसमें से होकर पानी नीचे पहुंचता है। इस सिस्टम से भूजल का स्तर भी बढ़ता है। वहीं बारिश के पानी को सुरक्षित रखकर निस्तारी भी किया जा सकता है।
नए भवन का निर्माण तब तक नहीं किया जा सकता जब तक उसमें वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम न हो। नगर पालिका और टाउन व कंट्री प्लानिंग विभाग से वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के बैगर भवन निर्माण के लिए एनओसी नहीं मिलती। इसके बिना अगर भवन बना भी ले तो वह अवैध माना जाएगा। लेकिन कवर्धा शहर में यह बात केवल ले-आउट तक ही सीमित है। क्योंकि इस सिस्टम का लोगों को प्रयास ही नहीं कराया जाता।
सीएमओ नगर पालिका कवर्धा के सुनील अग्रहरि ने कहा बिना वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम शहर में भवन निर्माण के लिए नगर पालिका से अनुमति नहीं दी जाती।