10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

1017 गांव, 62 प्रतिशत भूजल पर निर्भर, 38 फीसदी पूरी तरह से मानसून आश्रित

विश्व जल दिवस विशेष
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

पाली

•

image

Rajeev Dave

•

Updated: 22 Mar 2018, 11:24 AM IST

जलदाय विभाग भी मानता यहां पानी खराब

पाली. जिले में 1017 गांव हैं। इनमें से आज भी 62 फीसदी गांव तो भूजल पर ही निर्भर हैं, जो 38 प्रतिशत गांव व शहर शेष बचते हैं। वे हर साल मानसून से बांधों में पानी आने की राह ही ताकते रह जाते हैं। इसके बावजूद जल संरक्षण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। जो पानी है, वह भी बर्बाद करने से नगर निकाय या प्रशासन नहीं चूक रहा। महज वाहवाही लूटने के लिए मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन योजना के तहत जरूर थोड़ा बहुत पानी बचाने का प्रयास किया गया। उसी में उपलब्धि बताकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि सरकार के सामने आंकड़े पेश कर रहे हैं। हमारे लिए राहत की बात इतनी है कि पिछले साल जवाई के छलकने के कारण इस बार अब तक दिसम्बर तक का पानी शेष हैं। ऐसे में कम से कम वर्ष 2018 में मानूसन लेट होने या कम बरसात होने पर जवाई पर निर्भर गांवों व शहरों में तो जल संकट नहीं होने की आस है।

जलदाय विभाग भी मानता यहां पानी खराब

जिले में 224 ढाणियां ऐसी हैं, जिनका पानी पीने योग्य नहीं है। यह बात जलदाय विभाग के आंकड़े बताते हैं। इसमें इन ढाणियों में क्वालिटी इफेक्टेड बताया गया है। जबकि जिले में 241 गांव ऐसे हैं, जहां प्रति व्यक्ति जल आवश्यकता के मुकाबले 25 प्रतिशत ही दिया जा रहा है।
जवाई में अभी दिसम्बर तक का पानी

जलदाय विभाग के अधिकारियों की माने तो अभी जवाई बांध में 37.10 फीट भराव क्षमता के साथ 2750 एमसीएफटी पानी है। इसमें से 550 एमसीएफटी डेड स्टोरेज का पानी है। इसे निकालने पर जवाई में 2200 एमसीएफटी पानी शेष रहता है। हमारे जिले में एक माह में 240 एमसीएफटी पानी पेयजल के लिए उपयोग में लिया जाता है। इस तरह जवाई में अभी तक 9 माह 16 दिन से अधिक का पानी शेष है, जो दिसम्बर तक के लिए पर्याप्त है। जलदाय विभाग तो इससे भी कुछ दिन अधिक पानी उपयोग में लिए जाने को लेकर आश्वास्त है।
यूं गंदा होता है पानी

-सतही जल नदी-नालों के बहाव क्षेत्र में गंदे नालों व औद्योगिक इकाइयों का प्रदूषित पानी मिलने से
-सतही जलस्रोतों में लोगों की ओर से गंदगी डालने के कारण

-भूजल में मिट्टी में मौजूद लवण घुलने से उसमें खारापन, फ्लोराइड व नाइट्रेट की मात्रा बढ़ जाती है।

यहां परिषद की अनदेखी ने बर्बाद कर दिया जल
मुख्यमंत्री ने जल स्वावलम्बन के तहत पानी को संरक्षित करने का प्रयास किया। जबकि पाली में नगर परिषद ने अपनी हठधर्मिता के चलते एक माह तक शहर को पिलाए जाने वाला पानी बर्बाद कर दिया। शहर स्थित लाखोटिया तालाब जो किसी समय में गांधी मूर्ति रोड से लेकर नया हाउसिंग बोर्ड तक एक था। उसे पहले भैरूघाट पर पुल बनाकर पाटा गया था तो तालाब के दो हिस्से सिरे घाट व सिटी टैंक बन गए। शहर में महज सिटी टैंक से जलापूर्ति की जाने लगी। इसके बाद नगर परिषद ने न्यायालय के आदेशों को ताक पर रखकर रामनगर क्षेत्र के घाट पर कच्ची पाळ बना दी। तालाब के ये तीनों भाग पिछली बरसात में पूरे भर गए। इसके बावजूद सिटी टैंक के अलावा दोनों हिस्सों के पानी का उपयोग नहीं किया जा सका और करीब एक माह का पानी बर्बाद हो गया।

ऑक्सीजन की हो गई थी कमी
नगर परिषद के रामनगर क्षेत्र में कच्ची पाळ बनाने के कारण सिरे घाट वाले क्षेत्र के पानी में ऑक्सीजन की कमी हो गई थी। इस कारण यह पानी मछलियों की मौत का कारण भी बना था। इस बार भी यहां का पानी गंदा हो चुका है। ऐसी ही स्थिति रामनगर के तीसरे हिस्से में भी है।

3.82 लाख रुपए गए पानी में
मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन योजना के तहत नगर परिषद की ओर से 9 दिसम्बर 2016 को मंत्री सुरेन्द्र गोयल के हाथों कला बा बावड़ी का जीर्णोद्धार कराने का उद्घाटन करवाया गया था। इस पर नगर परिषद की ओर से 3.82 रुपए खर्च कर दिए गए, लेकिन आज यहां जाने पर लगता है काम एक रुपए का भी नहीं हुआ है। महज एक बोर्ड ही लगाया गया है। बावड़ी पूरी तरह से कचरे से अटी है। इसका पानी भी पीने योग्य नहीं है। हो भी कैसे यह जिस सिरे घाट पर स्थित है। वहां का तालाब ही गंदगी से अटा है। उस पानी का भी कोई उपयोग नहीं हो रहा है।

...........................................................

जिले में कुल गांव 1017

भूजल पर निर्भर गांव 631

सतही जल पर निर्भर गांव 386

जवाई से जुड़े गांव 346

जवाई से जुड़े शहर 8 (इसमें शिवगंज भी शामिल)

कंटालिया बांध से जुड़े गांव 20

सिरियारी बांध पर निर्भर शहर 1

गजनई 18

रायपुर 18
जिले में सबसे अधिक टीडीएस रोहट में 25000 पीपीएम

रिपोर्ट : राजीव दवे