
जिले के मछोंडी पंचायत के सरई गांव में 11 लाख की पुलिया का कार्य निर्माणाधीन है। नींव व पाइप का आधार कमजोर है, ग्रामीणों ने गुणवत्ता सुधार की मांग की।
खंडवा जनपद क्षेत्र के मछोंडी ग्राम पंचायत के सरई गांव में मोहनपुरा नाले पर बन रही करीब 11 लाख रुपए लागत की पुलिया के निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर आपत्ति दर्ज कराई है, उनका कहना है कि कमजोर नींव और पाइप के आधार के चलते यह पुलिया पहली बारिश में ही बह जाएगी। गुणवत्ता सुधार की मांग की है।
निर्माणाधीन पुलिया से आठ किलोमीटर क्षेत्र का पानी आता है। इस स्थिति में कमजोर निर्माण से पुलिया के पाइपों का बह जाना तय है। ग्रामीणों ने पंचायत अमला और जनपद पंचायत अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए गुणवत्ता में सुधार की मांग की है। किसान लाल सिंह और मंगल ने बताया कि पुलिया का निर्माण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए ताकि बारिश के तेज बहाव से इसे कोई दिक्कत न हो।
ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण में उपयोग हो रही सामग्री जैसे सरिया, रेत और गिट्टी की भी जांच कराने की मांग अधिकारियों से की है। उन्होंने आशंका जताई है कि कमजोर नींव के कारण पुलिया बारिश में बह सकती है।
खंडवा जनपद पंचायत के प्रभारी सहायक यंत्री गौरव रघुवंशी ने कहा कि मछोंडी पंचायत के सरई ग्राम में नाले पर पुलिया निर्माण का कार्य जारी है। उनके पास नींव व बेस कमजोर होने संबंधी कोई जानकारी नहीं आई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि ऐसा है तो वे इसका परीक्षण करेंगे और उसके बाद ही कुछ बता सकेंगे।