खंडवा

अधिकमास की सोमवती अमावस्या से एक दिन पहले खंडवा के ओंकारेश्वर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

-ग्राम कोठी और ओंकारेश्वर के बीच 5 किमी लंबा जाम, पैदल चलकर पहुंचे लोग -दर्शन के दौरान एक श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत, परिजन ले गए शव -आज अधिकमास समापन, सोमवती अमावस्या पर दो लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना

2 min read
Jun 15, 2026
Somvati Amavasya
ओंकारेश्वर. ओंकारेश्वर से कोठी के बीच 5 किलोमीटर जाम की स्थिति।

अधिक मास के समापन और सोमवती अमावस्या के एक दिन पहले दुर्लभ संयोग से ज्योतिर्लिंग नगरी ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ जुटी। रविवार शाम ओंकारेश्वर के प्रवेश द्वार से ग्राम पंचायत कोठी तक लगभग 5 किमी लंबा जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारों के कारण श्रद्धालुओं को यह दूरी तय करने में करीब एक घंटे का समय लग रहा। वहीं, दर्शन के दौरान हरियाणा के एक श्रद्धालु की मौत हार्ट अटैक से हो गई।

शाम में बढ़ा वाहनों का दबाव

सोमवार को सोमवती अमावस्या होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु रविवार शाम से ही ओंकारेश्वर पहुंचने लगे। शाम होते-होते प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। कई स्थानों पर रांग साइड से वाहनों के प्रवेश के कारण ओंकारेश्वर में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और जाम की स्थिति निर्मित हो गई। श्रद्धालुओं को जहां जगह मिली, वहां वाहन पार्क कर दिए। ट्रेचिंग ग्राउंड पार्किंग, गणेश नगर पार्किंग भी पूरी तरह से फुल हो गई। भीड़ के दबाव के चलते बार-बार रोड पर जाम की स्थिति भी बनती रही।

देखे ओंकारेश्वर में जाम का वीडियो

हरियाणा के श्रद्धालु की हार्ट अटैक मौत

विजय सिंह उम्र 42 वर्ष हिसार हरियाणा का श्रद्धालु ममलेश्वर मंदिर अपने साथियों के साथ दर्शन के लिए मंदिर की सीढिय़ां चढ़ रहे थे। इसी दौरान हार्ट अटैक आया और बेहोश होकर गिर पड़ा। साथ आए श्रद्धालु और मंदिर परिसर में तैनात कर्मचारी तुरंत सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉ. रवि वर्मा ने बताया कि मृत अवस्था में ही श्रद्धालु को लाए थे। बगैर पीएम करवाए श्रद्धालु एंबुलेंस कर शब हरियाणा ले गए।

अधिकमास में बही भक्ति की बयार

पूरे अधिक मास के दौरान ओंकारेश्वर आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना रहा। भगवान ओंकारेश्वर एवं ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन, मां नर्मदा में पुण्य स्नान, अभिषेक, जप, तप और दान-पुण्य के लिए देशभर से श्रद्धालु यहां पहुंचे। घाटों, मंदिरों और आश्रमों में सुबह से देर रात तक धार्मिक गतिविधियां लगातार जारी रहीं।

प्रतिदिन पहुंचे 3500 चार पहिया वाहन

नगर परिषद राजस्व निरीक्षक नीरज रावत के अनुसार सामान्य दिनों में प्रतिदिन लगभग 3500 छोटे वाहन, 10 टूरिस्ट बसें तथा 50 से अधिक लाइन वाली बसें ओंकारेश्वर पहुंचीं। वहीं वीकेंड पर छोटे वाहनों की संख्या बढकऱ लगभग 5000 प्रतिदिन तक पहुंच गई। इसके चलते प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और घाट क्षेत्रों में लगातार श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही।

सीसीटीवी कैमरो से नगरानी

पुलिस नियंत्रण कक्ष प्रभारी सुनील भावसार ने बताया कि अधिक मास के दौरान मुख्य मार्गों, घाटों और मंदिर परिसर की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस बल चौबीसों घंटे तैनात रहा। घाटों पर भी होमगार्ड के जवान तैनात रहे, जिन्होंने कई डूबने की घटनाओं में श्रद्धालुओं को बचाया।

50 हजार श्रद्धालु पहुंचे प्रतिदिन

सामान्य दिनों में प्रतिदिन लगभग 40 हजार श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुंचे, जबकि शनिवार और रविवार को यह संख्या लाख पहुंच गई। श्रद्धालुओं के आगमन के अनुसार पूरे अधिक मास में लगभग 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान ओंकारेश्वर-ममलेश्वर के दर्शन कर मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई। सोमवती अमावस्या पर दो लाख लोगों के आने की संभावना है। श्रद्धालुओं का आगमन रविवार शाम से ही शुरू हो गया।

Published on:
15 Jun 2026 11:52 am