खंडवा

ओंकारेश्वर में फिर हादसा… नर्मदा में स्नान के दौरान युवक डूबा, मौत; दूसरे को नाविक ने बचाया

-गोमुख घाट पर स्नान करते समय हादसा, नाविकों ने एक श्रद्धालु की जान बचाई -लगातार हो रहे हादसों के बाद भी घाट पर नहीं है सुरक्षा इंतजाम, श्रद्धालुओं की लापरवाही भी आ रही सामने
2 min read
Jul 16, 2026
omkareshwar
ओंकारेश्वर. घाट पर युवक के शव पर विलाप करते परिजन।

ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान के दौरान लगातार हादसे हो रहे है। तीर्थ क्षेत्र के गोमुख घाट पर बुधवार तडक़े नर्मदा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। राजस्थान के सालासर निवासी महावीर कुमार (28) गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। उनके साथ स्नान कर रहे सियाराम को स्थानीय नाविकों की तत्परता से सुरक्षित बचा लिया गया।

साथियों के साथ पहुंचा था स्नान करने

मांधाता थाना से मिली जानकारी के अनुसार महावीर कुमार अपने साथियों के साथ तडक़े 5.30 बजे घाट पर स्नान के लिए पहुंचे थे। स्नान करते समय वे डूब गए। सूचना पर पुलिस व एसडीईआरएफ दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय गोताखोर तुकाराम केवट ने सुबह 7.10 बजे उनका शव नदी से बाहर निकाला। इस दौरान नाविक लक्ष्मण वर्मा और दिलीप जुलवारिया ने साहस दिखाते हुए नाव की मदद से सियाराम की जान बचाई।

watch video

बचाव तंत्र मजबूत करने की मांग

शव बाहर आने पर घाट पर मौजूद परिजनों के करुण विलाप से माहौल गमगीन हो गया। श्रद्धालुओं ने तीर्थस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था व बचाव तंत्र को और मजबूत करने की मांग की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हर दूसरे दिन कोई न कोई घटना आ रही सामने

ओंकारेश्वर में यह कोई पहला हादसा नहीं है। हर दूसरे दिन तीर्थनगरी में डूबने की घटनाएं सामने आ रही है। कई मामलों में एसडीईआरएफ, नाविको द्वारा जान भी बचाई जा रही है। हाल ही में सोमवार को बैतूल जिले के पिपरिया निवासी युवक की डूबने से मौत हो गई थी। वहीं, सोमवार को ही अन्य दो युवकों को नाविको ने डूबने से बचाया था।

गुजरात से लौट रहे थे मजदूर

सोमवार को हुए हादसे में जयप्रकाश पाटेकर (22) शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच अपने साथियों के साथ ब्रह्मपुरी घाट पर नर्मदा में स्नान करने उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घाट पर मौजूद तैराकों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल ओंकारेश्वर पहुंचाया। वहां डॉ. रवि वर्मा ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित किया था। घटना की सूचना मिलते ही थाना मांधाता पुलिस मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल नरेंद्र चंदेल ने पंचनामा कार्रवाई कर मर्ग कायम किया था।

Updated on:
16 Jul 2026 11:55 am
Published on:
16 Jul 2026 11:55 am