खंडवा

ओंकारेश्वर में फिर हादसा… डूबने से एक श्रद्धालु की मौत, भीड़ के कारण समय पर नहीं पहुंचा पाए अस्पताल

-लाइफ जैकेट फेंककर निकाला बाहर, कपड़े की झोली में डालकर भीड़ से गुजरना पड़ा -घाट पर नहीं थी चिकित्सा सुविधा, समय पर मिलता उपचार तो बच जाती जान -तीन अन्य घटनाओं में एसडीआरएफ जवानों ने पांच लोगों को डूबने से बचाया

2 min read
Jun 16, 2026
omkareshwar accident
ओंकारेश्वर. डूबने से बचाए युवक को कपड़े की झोली में डालकर अस्पताल ले जाते साथी।

तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में सोमवती अमावस्या एक बार फिर हादसा हो गया। नर्मदा स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब रहे युवक को नाविकों ने लाइफ जैकेट फेंकर बचा तो लिया, लेकिन भारी भीड़ के कारण समय पर अस्पताल नहीं पहुंचा पाए। घाट पर स्ट्रेचर की कोई व्यवस्था भी नहीं थी। कपड़े का झोला बनाकर युवक को भीड़ से निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। यदि युवक को घाट पर ही युवक को चिकित्सा सहायता मिल जाती तो उसकी जान बच जाती।

गहरे पानी में चला गया था युवक

घटना ओंकारेश्वर में नागर घाट रोड पर विकट हनुमान के पास पिछला घाट पर सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। यहां महाराष्ट्र के अमरावती निवासी राहुल देशपांडे अपने साथियों के साथ ओंकारेश्वर दर्शन के लिए आए थे। उनके साथी अखिलेश हिंगाड़े ने बताया कि दर्शन के बाद सभी लोग विकेट हनुमान मंदिर के नीचे घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान राहुल घाट के उस हिस्से की ओर चले गए जहां पानी अधिक गहरा था। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें सावधान भी किया, लेकिन अचानक पैर फिसलने से वे संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में डूबने लगे।

Watch Video

लाइफ जैकेट पकड़ कर आया बाहर

राहुल को डूबता देख नाव चालक तुरंत मौके पर पहुंचे और लाइफ जैकेट फेंकी। राहुल ने जैकेट पकड़ ली, जिसके बाद नाविकों ने उन्हें बाहर निकाल लिया। तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। साथी उसे तत्काल अस्पताल ले जाना चाहते थे, लेकिन भीड़ और दूरी के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। साथियों ने कपड़ों की झोली बनाकर राहुल को उठाया और बाजार से होते हुए बस स्टैंड तक पैदल पहुंचे।

डॉक्टर ने सीपीआर भी दिया

बस स्टैंड से ऑटो की मदद से युवक राहुल को सिविल अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे सीपीआर भी दिया, लेकिन उसका ऑक्सीजन लेवल कम हो चुका था। अस्पताल में काफी प्रयासों के बाद भी राहुल को नहीं बचाया जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ब्रह्मपुरी घाट पर एसडीआरएफ और नाविक ने डूबने से बचाया

ब्रह्मपुरी घाट पर एसडीआरएफ जवानों और एक नाविक की सतर्कता से पांच लोगों को डूबने से बचा लिया गया। एसडीआरएफ के जवान हरिराम सोलंकी और राकेश पटेल ने दो युवकों क्रिस पिता अशोक शर्मा (22) निवासी छपरा, बिहार और आनंद पुत्र अशोक हलवाई निवासी महाराष्ट्र को बचाया। ये दोनों स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए थे। जवानों ने तत्काल नदी में कूदकर लाइफ जैकेट की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

बच्चे और दो महिलाओं को भी निकाला बाहर

इसी दौरान ब्रह्मपुरी घाट पर ही धार निवासी बालक कृतिक (12) पुत्र कमल पाटीदार भी स्नान करते समय गहरे पानी में फंसकर डूबने लगा। एसडीआरएफ जवान हरिराम सोलंकी और राकेश पटेल ने सुरक्षा नाव और नाविक अरुण वर्मा के सहयोग से कृतिक को सुरक्षित बाहर निकाला। शाम 4 बजे, उज्जैन निवासी दो महिलाएं मंजू शर्मा (50) और सीमा शर्मा (45) स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से डूबने लगीं। घाट पर मौजूद नाविक अरुण केवट ने तुरंत पानी में छलांग लगाकर दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इस तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

Published on:
16 Jun 2026 11:54 am