
मूंदी थाना क्षेत्र के ग्राम बांगरदा में चिह्नित ब्लैक स्पॉट का यातायात डीएसपी अनिल कुमार राय ने मूंदी थाना प्रभारी के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्राम पंचायत परिसर में ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें सडक़ सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया।
यातायात डीएसपी राय ने ग्रामीणों से कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाएं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी सडक़ हादसों का प्रमुख कारण बनती है। बिना हेलमेट वाहन चलाने और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि वाहनों की गति पर भी निगरानी रखी जा रही है। निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाने वालों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए जागरूक करें।
मूंदी थाना प्रभारी राजेश अहोरिया ने ग्रामीणों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सडक़ पर वाहन चलाते समय अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत में सचिन लोकेश यादव, सरपंच प्रतिनिधि राजू पटेल सहित ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सडक़ सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने और नियमों का पालन करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मूंदी-पुनासा मार्ग और हाईवे के आसपास खेतों में सडक़ किनारे लगी तार फेंसिंग को लेकर भी ग्रामीणों को समझाइश दी। डीएसपी ने कहा कि सडक़ किनारे लगी तार फेंसिंग से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। ग्रामीणों को सडक़ सीमा से तार फेंसिंग हटाने की हिदायत दी गई।