
- रेलवे मजिस्ट्रेट के औचक निरीक्षण में खानपान व्यवस्था की खुली पोल
- बिना एमआरपी-एक्सपायरी डेट की सामग्री भी मिली
- बिना टिकट यात्रियों और नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई
अचानक चेकिंग से स्टेशन पर मचा हड़कंप
शनिवार को स्पेशल रेलवे मजिस्ट्रेट मोहित माधव ने मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, टिकट चेकिंग स्टाफ, आरपीएफ, जीआरपी और स्टेशन प्रबंधक के साथ स्टेशन का निरीक्षण किया। चेकिंग के दौरान खाद्य स्टॉलों पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबलिंग, स्वच्छता और निर्धारित मानकों की जांच की गई। कुछ खाद्य सामग्री मानकों के अनुरूप नहीं मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया।
क्रीम रोल में फफूंद, सड़े केले जब्त
प्लेटफार्म नंबर पांच स्थित फूड ट्रेक प्लाजा में सबसे ज्यादा गड़बड़ी मिली। यहां क्रीम रोल में फफूंद लगी थी, जबकि बड़ी संख्या में सड़े और खराब केले रखे हुए थे। फ्रीज से भी दुर्गंध आ रही थी। मजिस्ट्रेट ने खराब खाद्य सामग्री को जब्त कर आरपीएफ के हवाले कराया। दो कर्मचारियों को भी आरपीएफ को सौंपा गया। प्लाजा के मैनेजर को साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई। क्रीम रोल के सेंपल जांच के लिए भेजे गए।
बिना एमआरपी और एक्सपायरी डेट बिक रही सामग्री
प्लेटफार्म नंबर 4-5 के बीच एक दुकान पर पारदर्शी पॉलिथीन में पैक चिप्स, चकली और अन्य खाद्य सामग्री बिकती मिली। पैकेट पर न तो एमआरपी थी और न ही एक्सपायरी डेट। कर्मचारी दुकान का लाइसेंस और स्टॉक संबंधी जानकारी भी उपलब्ध नहीं करा सका। खाद्य सामग्री कब तैयार हुई और कितने समय तक उपयोग योग्य है, इसकी भी जानकारी नहीं थी। कर्मचारी के आइकार्ड पर किसी के हस्ताक्षर नहीं होने पर मजिस्ट्रेट ने उसे भी आरपीएफ के हवाले कर दिया।
मजिस्ट्रेट की चेकिंग शुरू होते ही गायब हुए वेंडर
निरीक्षण की खबर लगते ही प्लेटफार्म से वेंडर गायब हो गए। सामान्य दिनों में नजर आने वाले भजिए, सब्जी-पूरी, आलू वड़ा, चने और चाय बेचने वाले भी चेकिंग के दौरान दिखाई नहीं दिए। मजिस्ट्रेट के स्टेशन पर रहने तक एक भी वेंडर वापस नहीं आया। इससे स्टेशन पर अवैध या अनियमित रूप से संचालित खानपान व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए।
हरिद्वार एक्सप्रेस के पेंट्रीकार में मिली व्यवस्था ठीक
मजिस्ट्रेट ने प्लेटफार्म नंबर पांच पर खड़ी हरिद्वार एक्सप्रेस के पेंट्रीकार की भी जांच की। शिकायत पुस्तिका, कर्मचारियों के आइकार्ड, बीमा दस्तावेज और यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की जानकारी ली गई। फ्रीज में रखे खाद्य पदार्थों की भी जांच की गई। पेंट्रीकार में सफाई और अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।
बिना टिकट यात्रियों और नो पार्किंग में वाहनों पर कार्रवाई
स्टेशन परिसर में बिना टिकट घूम रहे तीन यात्रियों को पकड़ा गया। प्लेटफार्म टिकट के बिना यात्रियों के साथ आए लोगों के भी चालान बनाए गए। किसी ने बहन तो किसी ने रिश्तेदार को ट्रेन में बैठाने आने की बात कही। वहीं, स्टेशन गेट के सामने नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर आरपीएफ ने कार्रवाई की। यातायात पुलिस ने भी तीन वाहनों के चालान बनाए। पूरी कार्रवाई के दौरान स्टेशन परिसर में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
Updated on:
30 Aug 2026 12:19 pm
Published on:
30 Aug 2026 12:19 pm
