
ओंकारेश्वर. कंट्रोल रूम में बैठक लेते कमिश्नर।
इंदौर संभाग आयुक्त भास्कर लक्षकार ने मंगलवार को ओंकारेश्वर के पुलिस कंट्रोल रूम में सिंहस्थ-2028 के लिए ओंकारेश्वर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नालों का गंदा पानी नर्मदा में किसी भी कीमत पर नहीं मिलने देने के भी निर्देश दिए।
कमिश्नर इंदौर भास्कर लक्षकार ने सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर में किए जा रहे निर्माण कार्यों में सिंहस्थ के व्यस्ततम समय के लिए अनुमानित दर्शन क्षमता के अनुरूप भीड़ प्रबंधन के लिए होल्डिंग एरिया तैयार करने, विशिष्टजनों के लिए अलग कॉरिडोर बनाने तथा आपातकालीन चिकित्सा रूट की व्यवस्था करने के निर्देश भी उपस्थित अधिकारियों को दिए। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, उपमहानिरीक्षक सिमाला प्रसाद, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, पुनासा एसडीएम और सहायक कलेक्टर शिल्पा चौहान सहित गृह, स्वास्थ्य, वन, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण एवं मप्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी उपस्थित थे।
कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग क्षेत्र में ईवी चार्जिंग प्वाइंट, ई-कार्ट, व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की जाए। उन्होंने सिंहस्थ के दौरान पैदल आने जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए थोड़ी थोड़ी दूरी पर पेयजल और अस्थाई शौचालयों की व्यवस्था करने व घाटों पर सुरक्षित स्नान की जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। सिंहस्थ 2028 से संबंधित विभिन्न निर्माण कार्यों के टेंडर की स्थिति, बजट प्रावधान और निर्माणाधीन कार्यों की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में कमिश्नर ने निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि ओंकारेश्वर नगर के नालों का प्रदूषित जल किसी भी स्थिति में नर्मदा नदी में जाकर ना मिले। उन्होंने नर्मदा नदी के तट पर निर्मित हो रहे नए घाटों के निर्माण कार्य समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर ने बताया कि सिंहस्थ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के ओंकारेश्वर पहुंचने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए सभी आवश्यक निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं तथा इन कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण भी किया जा रहा है। बैठक में उन्होंने ओंकारेश्वर में सिंहस्थ मद संचालित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी कमिश्नर को दी।
बैठक के बाद कमिश्नर ने ओंकारेश्वर में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को ये कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। ममलेश्वर एवं ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में पहुंचकर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
Updated on:
28 Aug 2026 12:29 pm
Published on:
28 Aug 2026 12:29 pm
