
युवा मोर्चा में अपनी राजनीति चमकाने जिलाध्यक्ष पद के दावेदारों ने सड़कों को ही छलनी कर दिया। शुक्रवार को भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष श्याम टेलर का प्रथम आगमन हुआ। स्वागत के लिए हरसूद रोड दीनदयाल प्रतिमा से लेकर दादाजी धाम तक रोड को पोस्टर, बैनर से पट दिया। बैनर लगाने के लिए हाल ही में मेंटेनेंस हुई बांबे बाजार की सड़क में जहां-तहां पाइप लगाने के लिए सब्बल से गड्ढे किए गए।
शहर में वैसे ही सड़कों की स्थिति खराब है। बारिश पूर्व बांबे बाजार में सड़क पर पैचवर्क किया गया। यहां सब्बल गाडकऱ गड्ढा कर उसमें पाइप खड़े किए गए। ये हाल सिर्फ बांबे बाजार सड़क का ही नहीं, बल्कि श्याम टेलर के आवागमन वाले पूरे रास्तों का रहा। उल्लेखनीय है कि डामर की सडक़ों में पानी भरने से उनमें क्षरण शुरू हो जाता है। मोटी कील बराबर गड्ढा धीरे-धीरे बढकऱ बड़े गड्ढे में तब्दील हो जाता है। स्वागत करने वालों को इस बात से कोई लेना-देना ही नहीं था, उनका मकसद पोस्टर, बैनर पर अपना चेहरा चमकाना था।
भाजपा युमो जिलाध्यक्ष को वर्तमान में ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया है। जिसके चलते युमो जिलाध्यक्ष के लिए बड़ी संख्या में दावेदार खड़े हो गए है। मंत्री शाह से लेकर सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और महापौर गुट से कई युवा जिलाध्यक्ष के लिए होड़ में है। प्रदेशाध्यक्ष के दौरे पर गुटबाजी भी नजर आई। दावेदारों ने जगह-जगह स्वागत मंच लगाकर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान ओवर ब्रिज, बस स्टैंड, घंटाघर बर्तन बाजार, नगर निगम चौराहा पर स्वागत के दौरान जाम की स्थिति भी बनी।
देश डीजल, पेट्रोल के संकट से गुजर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अनावश्यक वाहन घुमाने पर रोक लगाने, कार पुलिंग कर पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील की है। युमो प्रदेशाध्यक्ष के दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील की भी धज्जियां उड़ते दिखी। दावेदार अपने समर्थकों के साथ प्रदेशाध्यक्ष की कार के पीछे काफिला लेकर चलते नजर आए। काफिले में आगे जरूर दो ईवी कार थी, लेकिन पीछे पेट्रोल-डीजल वाहन दौड़ रहे थे।
युमो प्रदेशाध्यक्ष ने शुक्रवार शाम को गणेश गोशाला में युवा संवाद में भी भाग लिया। उन्होंने कहा भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और इसमें युवा मोर्चा रीढ़ की हड्डी के समान है। युवा कार्यकर्ताओं को संगठन के कार्यक्रमों और चुनावों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर सहित पार्टी पदाधिकारियों ने किया। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय और महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने दादाजी धाम में दर्शन कर बुरहानपुर के लिए प्रस्थान किया।