
खंडवा. निशानेबाज बच्चों का चयन करने के लिए रविवार को खेल और युवा कल्याण विभाग मप्र राज्य शूटिंग अकादमी ने आयोजन किया। रायफल, पिस्टल एवं शॉटगन विधा का प्रतिभा चयन यहां श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में किया गया। जिसमें तीन जिलों से 140 बच्चों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजन की शुरूआत पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने शॉटगन एवं पिस्टल चलाकर करते हुए बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
शूटिंग टेलेन्ट सर्च के लिए खंडवा, खरगोन एवं बुरहानपुर जिले के खिलाड़ियों हिस्सा लिया। प्रतिभा चयन के लिए संचालनालय स्तर से प्रशिक्षकों की समिति गठित की गई थी। खिलाड़ियों को शूटिंग अकादमी की तीनों विधाओं शॉटगन, पिस्टल, रायफल के सम्बंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। शूटिंग से संबंधित वीडियो दिखाए और डेमोस्ट्रेशन दिया। वेपन होल्ड करने के तरीके सिखाए एवं प्रत्येक खिलाड़ी को तीन- तीन मौके देकर शूट कराया गया। फेस-2 में खिलाड़ियों को तीन दिन तक मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग रेंज पर शूटिंग सिखाई जाएगी। इसके बाद फेस-3 पर चयनित खिलाड़ियों का सात दिवसीय कैम्प में अंतिम टेलेन्ट सर्च किया जाएगा।
टेलेन्ट सर्च के पहले पड़ाव में रक्षित निरीक्षक पुरूषोत्तम विश्नोई, जिला खेल अधिकारी रूचि शर्मा, जिला खेल प्रशिक्षक अमीन अहमद, दुर्गा वास्कले, विकासखंड खण्डवा समन्वयक राधिका गंगराडे, पंधाना से प्रकाश मुजाल्दे, हरसूद से अनूप शर्मा, खालवा से चेतन गौहर, छैगांवमाखन से नीलेश रायकवार एवं कार्यालयीन कर्मचारी रवि बेपारी उपस्थित रहे।
फिल्टर होंगे खिलाड़ी
जिला खेल अधिकारी रूचि शर्मा ने बताया कि चयन के लिए जो टीम आई थी वह खिलाडि़यों का डेटा लेकर गई है। पहला चरण पूरा होने के बाद बेहतर खिलाडि़यों का चयन किया जाएगा। इसके बाद वह खिलाड़ी फेस-2 में प्रवेश कर सकेंगे।