खंडवा

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान… अब अधिकारी गांव में ही सुनेंगे फरियाद, खंडवा के गांधवा में लगा जनविश्वास शिविर

खंडवा में अग्नि पीडि़त आशाबाई को मंत्री शाह ने हाथ के साथ दी 10 हजार रुपए की सहायता -ग्राम गांधवा में लगा शिविर, मौके पर ही किया ग्रामीणों की समस्या का निराकरण -सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, जनसुनवाई की शिकायतों को भी किया हल
2 min read
Aug 16, 2026
CM Jan Vishwas Abhiyan
खंडवा. लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र देते मंत्री विजय शाह।

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को पंधाना के ग्राम गांधवा में शिविर आयोजित किया गया। मंत्री विजय शाह ने इस अवसर पर अग्नि दुर्घटना से पीडि़त लछोरा पंचायत के ग्राम कालपाट निवासी आशाबाई को 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने इस दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित हितग्राहियों को सहायता वितरित की। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत 225 हितग्राहियों का पंजीयन भी कराया गया।

अब गांव में ही अधिकारी करेंगे समस्या का समाधान

जन विश्वास अभियान का शुभारंभ मंत्री विजय शाह ने दीप प्रज्वलन कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। मंत्री शाह ने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए पिछले शुक्रवार से यह नया अभियान शुरू किया है। मंत्री शाह ने कहा कि ग्रामीणजन पहले अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए गांव से विकासखंड या जिला मुख्यालय जाते थे, जिसमें उन्हें परेशानी होती थी। अब सरकार ने उनकी इस परेशानी को ध्यान में रखते हुए उनके गांव में ही इस तरह के शिविर लगाने का निर्णय लिया है।

शिविर में किया समस्या का निराकरण

प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने बताया कि शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण किया गया। इसके अलावा जनसुनवाई, सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत गांधवा एवं आसपास की ग्राम पंचायतों में लंबित आवेदनों के निराकरण किया। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने ग्रामीणों से कहा कि कभी भी अपने बैंक अकाउंट से संबंधित ओटीपी या पासवर्ड किसी को ना बताएं। उन्होंने कहा कि आजकल साइबर धोखाधड़ी के बहुत प्रकरण देखने में आ रहे हैं । इस तरह की धोखाधड़ी से सावधान रहें। अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा ने बताया कि शिविर के साथ-साथ प्याज उत्पादन विषय पर संगोष्ठी भी आयोजित की गई। इस अवसर पर पंधाना जनपद अध्यक्ष सुमित्रा काले, एसडीएम पंधाना दिनेश सावले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी मौजूद रहे।

200 से अधिक मरीजों का किया गया उपचार

यहां स्वास्थ्य शिविर में 226 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें 75 मरीजों की हेपेटाइटिस बी, सिफलिस, एचआईवी एड्स व सामान्य रोगों की जांच की गई। साथ ही टीबी के संभावित 155 मरीजों का हैंड हेल्ड मशीन से एक्स रे किए गए। शिविर में 31 पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, 5 को विकलांगता प्रमाण पत्र बनाकर दिए गए। मंत्री शाह ने टीबी मरीजों को फूड बास्केट प्रदान किए। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. ओपी जुगतावत, सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल, डीएचओ डॉ. रश्मि कौशल, बीएमओ डॉ. अनिल तंतवार व स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Updated on:
16 Aug 2026 12:26 pm
Published on:
16 Aug 2026 12:26 pm