- महिला सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे शिवराज- बाम्बे बाजार पर सीएम शिवराज का भव्य रोड शो- सड़क पर सीएम शिवराज पर हो रही थी फूलों की वर्षा- शहरवासियों ने जमकर किया शिवराज का स्वागत
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को महिला सम्मेलन को संबोधित करने खंडवा पहुंचे। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भव्य रोड शो हुआ। मुख्यमंत्री के शहर में स्वागत के लिए बड़ी संख्या में शहर के लोग रोड शो में शामिल होने पहुंचे।
मुख्यमंत्री के स्वागत में बड़ी संख्या में शहर की भीड़ उमड़ी, नगर निगम कार्यालय से घंटाघर होते हुए काफिला बाम्बे बाजार तक पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं समेत शहर के व्यापारियों ने जमकर फूलों की वर्षा करते हुए मुख्यमंत्री चौहान का स्वागत किया।
सीएम शिवराज का रोड शो
इस दौरान बाम्बे बाजार में कई जगहों पर मुख्यमंत्री को व्यापारी समेत अलग - अलग समाज के लोगों ने जोरदार स्वागत किया। केवल राम तिराहे पर मशीन लगाकर मुख्यमंत्री पर फूलों की वर्षा की गई। बाम्बे बाजार से रेलवे रोड तक पहुंचने में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आधा घंटा लग गया। आपको बता दें कि, इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक देवेंद्र वर्मा, जिले की प्रभारी मंत्री उषा ठाकुर समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। कलेक्टर अनूप कुमार और एसपी सत्येंद्र शुक्ल भी रोड शो के दौरान चल रहे काफिले की निगरानी करते नजर आए।
सीएम के रोड शो से पहले काले झंडे दिखाने की योजना बना रहे कांग्रेस नेता गिरफ्तार
बता दें कि, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रोड से पहले 10 से ज्यादा कांग्रेस नेताओं को खंडवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि, गिरफ्तार किए गए कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने के विरोध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को काले झंडे दिखाने की योजना बना रहे थे। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस को उनकी योजना की भनक लग गई। इसके बाद पुलिस ने शहर के गांधी भवन और इंदिरा चौक इलाके में दबिश देकर संबंधित कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस यहां से कांग्रेस नेताओं को घसीटते हुए कोतवाली ले गई थी।