खंडवा

दो भाजपा विधायक मिलकर भी नहीं करवा पाए तीन साल से अपने क्षेत्र में एक रोड का निर्माण

-खंडवा-मूंदी रोड बदहाल, कोई सुध लेने वाला भी नहीं -32 किमी मार्ग पर चलना भी हुआ मुश्किल, गड्ढों में रोड गायब -70 लाख का मेंटेनेंस भी कागजों पर, जस का तस है हालात

2 min read
Apr 25, 2026
खंडवा. जर्जर हाल में खंडवा-मूंदी रोड।

दो विधानसभा के बीच आने वाले एक रोड को दोनों विधायक मिलकर भी नहीं बनवा पा रहे है। पिछले डेढ़ साल से तो खंडवा-मूंदी मार्ग सिर्फ आश्वासनों में ही बन रहा है। हालात ये है कि इस रोड पर वाहन चलाना भी मुश्किल हो रहा है। न तो राज्य सरकार, न प्रशासन इस रोड की सुध लेने को तैयार है। विधायकगण भी सिर्फ मुख्यमंत्री से मिलकर इस रोड को जल्द बनवाने की बात कहते नजर आ रहे है। हकीकत में रोड सिर्फ वादों तक सीमित रह गया है।

एमपीआरडीसी ने किए हाथ ऊंचे
खंडवा-मूंदी रोड दो विधानसभा जिसमें खंडवा और मांधाता विस शामिल है, में आता है। वर्षों से बदहाल अवस्था में 32.6 किमी रोड के लिए कई बार आंदोलन भी हुए, लेकिन जनप्रतिनिधि देखकर भी अनजान बने रहे। वर्ष 2023 में इस मार्ग निर्माण की स्वीकृति भी मिली, लेकिन मप्र सडक़ विकास निगम (एमपीआरडीसी) इस मार्ग के लिए बजट उपलब्ध नहीं होने का कहकर हाथ ऊंचे कर चुका है। पूर्व में इस रोड को एशियन डेवलपमेंट बैंक फाइनेंस करने वाला था, लेकिन किन्हीं कारणों से ये प्रस्ताव भी निरस्त हो चुका है। अब मामला राज्य सरकार के पाले में है।

अनुपूरक बजट में मिली स्वीकृति, आगे नहीं बढ़ी फाईल
सिंहस्थ 2028 के चलते सरकार ने इस रोड के लिए 153 करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट भी स्वीकृत किया। एमपीआरडीसी इस रोड का काम शुरू ही नहीं करवा पाया। जिसके चलते मामला कागजों में दबा रहा और मुख्य बजट में इस रोड को शामिल ही नहीं किया गया। पूर्व में बनी इस रोड की 153 करोड़ की डीपीआर भी अब बढकऱ 188 करोड़ रुपए हो गई है। हालांकि रोड को कब स्वीकृति मिलेगी और कब शुरू होगा, यह एक यक्ष प्रश्न है।

15 साल में 30 करोड़ रुपए पैचवर्क पर खर्च
पिछले साल इस जर्जर रोड पर एमपीआरडीसी ने 70 लाख रुपए खर्च करना बताए। हालात यह है कि आज भी रोड पर गड्ढे यथावत है और महज 32 किमी के सफर में डेढ़ घंटे से ज्यादा का समय लग रहा है। इस मार्ग पर पिछले 15 साल में एमपीआरडीसी पैचवर्क पर ही करीब 30 करोड़ खर्च कर चुकी है, लेकिन जनता आज भी इस रोड पर हिचकोले खा रही है। पैचवर्क में भी भारी भ्रष्टाचार होना सामने आया है। विधायक कंचन तनवे खुद मौके पर जाकर पैचवर्क को लेकर अपनी नाराजगी जता चुकीं हैं।

बजट में लाने का प्रस्ताव बन रहा
हाल ही में सीएम से मुलाकात कर इस रोड को लेकर चर्चा की है। सीएम ने आश्वासन दिया है कि इस रोड को बजट में लेने का प्रस्ताव बनाया जा रहा है। सीएम का बहुत जल्द खंडवा आगमन होने वाला है, उस दौरान इस रोड की भी घोषणा हो सकती है।
कंचन तनवे, विधायक खंडवा विस

Published on:
25 Apr 2026 11:30 am
Also Read
View All