खंडवा

नागपंचमी पर पिता-पुत्र और दादा की मौत, हाईवे हादसे में उजड़ा परिवार

Road Accident: नागपंचमी पर्व पर खंडवा में एक परिवार पर कहर बरपा है। रांग साइड फर्राटे भर रही तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक परिवार उजड़ गया। पिता-पुत्र व दादा की मौत हो गई और दादी घायल हो गई।
2 min read
Jul 30, 2025
Road Accident नागपंचमी पर पिता-पुत्र और दादा की मौत
रांग साइड तेज रफ्तार कार ने उजाड़ा परिवार पिता-पुत्र व दादा की मौत, दादी गंभीर घायल (फोटो सोर्स : सोशल मीडिया)

Road Accident: नागपंचमी पर्व पर खंडवा में एक परिवार पर कहर बरपा है। रांग साइड फर्राटे भर रही तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक परिवार उजड़ गया। पिता-पुत्र व दादा की मौत हो गई और दादी घायल हो गई। चारों एक ही बाइक पर सवार होकर रिश्तेदार के घर से गांव लौट रहे थे। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दादी को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया हैं। दुर्घटना इंदौर-इच्छापुर हाइवे पर रोशिया फाटे के पास हुई है। दुर्घटना से गांव में मातम पसर गया।

बाइक को टक्कर मारकर अन्य कार को उड़ाया

तेज रफ्तार बोलेरो कार ने बाइक को टक्कर(Road Accident) मारी। इससे अनियंत्रित होकर सामने से आ रही टवेरा कार से जा भिड़ी। कार में 8 से 10 लोग सवार थे। सभी को मामूली चोट आई हैं। बोलेरो कार खेरदा गांव की हैं। इसमें वहीं के रहने वाले दो लोग सवार थे। दुर्घटना(MP News) के बाद लगी भीड़ ने कार सवार दोनों लोगों की जमकर पिटाई कर दी। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।

एक ही बाइक पर सवार पिता, पुत्र, दादा व दादी

चिचगोहन (भैरुखेड़ा) में रहने वाले विनोद पिता लक्ष्मण रायकवार (35) अपने पिता लक्ष्मण रायकवार (55), पुत्र अंशु (14) और मां राधा बाई (50) के साथ नागपंचमी पर्व पर बमनाला गांव में अपने रिश्तेदार के यहां गए थे। बाइक विनोद चला रहा था। यहां से चारों एक ही बाइक पर वापस चिचगोहन लौट रहे थे। शाम में करीब 4.30 बजे रोशिया फाटे पर उनकी बाइक को सामने से रांग साइड आ रही बोलेरो कार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में मौके पर ही विनोद और उसके पिता लक्ष्मण की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल बेटे अंशु ने जिला अस्पताल में दम तोड़ा है। मां राधा को चोट आई है।

हाइवे पर एक घंटे थमे रहे वाहनों के पहिए

छैगांवमाखन थाना प्रभारी विक्रम धार्वे ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी लगते ही देशगांव चौकी प्रभारी एसआइ राजेंद्र सोलंकी रोशिया फाटे पर पहुंचे। फाटे पर एक तरफ की सडक़ पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिसकर्मियों ने शव को पीएम के लिए छैगांवमाखन अस्पताल और घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद दोनों कार व बाइक को हाइवे से हटाया गया। इसके बाद मार्ग खंडवा से इंदौर तरफ का मार्ग चालू हो सका। इस दौरान करीब एक घंटे तक वाहनों के पहिए थमे रहे।मर्ग कायम कर दुर्घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि रांग साइड आ रही बोलेरो कार ने बाइक के बाद टवेरा कार को टक्कर मारी है। कार चालक पर प्रकरण दर्ज कर रहे हैं।

Updated on:
30 Jul 2025 09:22 am
Published on:
30 Jul 2025 09:22 am