
पांच साल के बालक के नन्हे कदम नर्मदा के सभी तटों की 3500 किमी की दूरी नापने चल पड़े है। कार्तिक एकादशी पर तीर्थनगरी ओंकारेश्वर से पांच साल के अरविंद गिरी उर्फ छोटा बाबा ने अपनी दत्तक मां शबरी माई के साथ नर्मदा परिक्रमा आरंभ की। गोमुख घाट से परिक्रमा आरंभ कर शनिवार को करीब 25 किमी दूर सनावद तक पहुंचे चुके है।
ओंकारेश्वर के बाल संत के साथ महंत गीता गिरी उर्फ शबरी मां सहित अन्य भक्त भी परिक्रमा में शामिल हुए। पांच साल की छोटी उम्र में ही अरविंद गिरी ने आध्यात्मिक जीवन की राह अपना ली है। अब वे पैदल मां नर्मदा के तटों और निर्धारित परिक्रमा मार्ग से गुजरते हुए संपूर्ण नर्मदा परिक्रमा पूरी करेंगे। देवउठनी एकादशी जैसे विशेष धार्मिक पर्व पर शुरू हुई यह यात्रा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
संन्यासिनी शबरी मां ने बताया कि अरविंद के माता-पिता नहीं हैं। जब वह महज आठ माह के थे, तभी से वे उनके साथ रह रहे हैं। शबरी मां के अनुसार, वह स्वयं संन्यासिनी हैं और तभी से बालक का पालन-पोषण भी अपने साथ ही कर रही हैं। वह जहां भी जाती हैं, अरविंद उनके साथ रहते हैं। इसी आध्यात्मिक वातावरण में बालक का जीवन आगे बढ़ रहा है।
शबरी मां के अनुसार देवउठनी एकादशी के अवसर पर उन्होंने बाल संत के साथ मां नर्मदा की संपूर्ण परिक्रमा करने का संकल्प लिया। यात्रा में उनके साथ कुछ अन्य भक्त भी शामिल हुए हैं। करीब 3500 किमी की यह पैदल यात्रा बाल संत के लिए कठिन और लंबी होगी, लेकिन उनके संकल्प ने तीर्थनगरी में मौजूद श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।