भारतीय सेना के कमांडों के पद रहकर दिखाया देश सेवा का जज्बा, मुंबई ब्लास्ट ऑपरेशन में भी लिया था हिस्सा।
खंडवा. मन में देश के प्रति सेवा का जज्बा हो तो हर राह आसान हो जाती है। मन से किए प्रयास सफल भी होते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें सेना से वीआरएस लेने के बाद एक जांबाज सैनिक ने तैयारी की और अब वो पुलिस विभाग में सेवाएं देंगे।
भारतीय सेना के कई ऑपरेशनों में भाग लेने वाले नागचून ग्राम में जन्मे कमांडों गौरीशंकर यादव अब अपनी सेवाएं पुलिस विभाग में देंगे। 18 वर्ष तक सेना में अपनी सेवाएं देने के बाद जुलाई 2017 में सेना से वीआरएस लेने के बाद पुलिस विभाग में सेवा देने के लिए परीक्षा देकर पहले प्रयास में ही 15 वीं रैंक हासिल की। अब कुछ दिन में वे पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर के पद पर काबिज होंगे।
भारतीय सेना में सेवाएं दी
बता दें कि यादव की पढ़ाई शहर की जनता स्कूल से हुई है। पढ़ाई के साथ ही किसान परिवार से जुड़े यादव की इच्छा थी कि देश के लिए कुछ किया जाए और उन्होंने अपने कदम देश की सुरक्षा में सहयोग प्रदान करने के लिए बढ़ाए और भारतीय सेना में भर्ती हुए। यादव ने 1999 में कारगिल वार के समय भारतीय सेना में शामिल होकर कई ऑपरेशनों जिसमें ऑपरेशन मेघदूत, रक्षक, पराक्रम में हिस्सा लिया। देश की स्पेशल फोर्स एनएसजी ब्लैक केंट कमांडों के रूप में भी चार साल सेवाएं दी। मुंबई ब्लास्ट ऑपरेशन में भी ताज होटल मुंबई में पहुंचकर कई घंटों तक दुश्मनों से लड़े थे।
अपने इरादे हमेशा उंचे रखना चाहिए
सेना से वीआरएस लेने वाले गौरीशंकर यादव ने कहा कि व्यक्ति को अपने इरादे हमेशा उंचे रखना चाहिए। आप अपने लिए जो सोच सकते हो उसे कड़ी मेहनत और लगन से हासिल भी कर सकते हो। एक किसान परिवार में जन्म लेकर मैंने देश सेवा का जो जज्बा हासिल किया, मैंने जीवन में जो चाहा उसे हासिल किया और ये इच्छाशक्ति के अनुसार सब कर सकते हैं। बस आपका लक्ष्य पक्का होना चाहिए।
इधर, मोनिका का भी एसआई पद पर चयन
प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड ने सूबेदार एवं उपनिरीक्षक संवर्ग भर्ती परीक्षा-2017 का रिजल्ट घोषित किया है। इसमें शहर की मोनिका धांडे का सब इंस्पेक्टर (एसआई) पुलिस के पद पर चयन हुआ है। पी मिश्रा एकेडमी के सुनील मिश्रा ने बताया कि मोनिका पीएससी की तैयारी भी कर रही है।