खंडवा

गुरु पूर्णिमा पर्व… तीन दिन शहर में डीजे, झांकियों और चल समारोह पर रहेगा प्रतिबंध

-बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश, सडक़ से दूर लगेंगे भंडारों के स्टाल -पुलिस अधीक्षक ने दादाजी धाम और अन्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा
2 min read
Jul 03, 2026
Guru Purnima festival
खंडवा. गुरु पूर्णिमा पर्व को लेकर कलेक्टर, एसपी ने की कानून व्यवस्था की समीक्षा।

श्री दादाजी धाम में सबसे बड़े पर्व गुरु पूर्णिमा को लेकर प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है। गुरु पूर्णिमा पर्व दरबार में 28 से 30 जुलाई तक मनाया जाएगा, पर्व का मुख्य दिवस 29 जुलाई को रहेगा। पर्व को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कानून व्यवस्था की बैठक कलेक्टर ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पर्व के दौरान शहर में डीजे, झांकियों और चल समारोह पर प्रतिबंध रहेगा। बैठक में एसपी अगम जैन भी उपस्थित रहे।

सडक़ों को सुधारें, साफ सफाई कराएं

कलेक्टर ने गुरु पूर्णिमा पर्व के दौरान शहर में साफ सफाई, शहर की सडक़ों की रिपेयरिंग तथा स्ट्रीट लाइट, अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था एवं पेयजल व्यवस्था के संबंध में नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा।

दादाजी धाम परिसर में बनेगा अस्थाई अस्पताल

कलेक्टर ने सीएमएचओ को दादाजी मंदिर परिसर में अस्थायी चिकित्सालय स्थापित कर चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाने तथा पर्याप्त मात्रा में जीवन रक्षक दवाईयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात पुलिस के अधिकारियों को दादाजी मंदिर परिसर के आसपास पार्किंग व्यवस्था के सम्बंध में अभी से तैयारी करने के लिए कहा।

भंडारों की खाद्य सामग्री का परीक्षण हो

कलेक्टर ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को गुरु पूर्णिमा के दौरान आयोजित होने वाले भंडारों में वितरित की जाने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता परीक्षण के निर्देश भी दिए। बैठक में तय किया गया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 28 से 30 जुलाई तक शहर में झांकियां एवं चल समारोह जैसे आयोजन नहीं हो सकेंगे। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि गुरु पूर्णिमा पर्व के दौरान आयोजित होने वाले भंडारों के स्टाल सडक़ मार्ग के एकदम पास न लगाएं, क्योंकि ऐसा करने से यातायात बाधित होता है।

एसपी ने किया दादाजी मंदिर मार्ग का निरीक्षण

बैठक के पूर्व पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने गुरु पूर्णिमा पर्व के दौरान क्राउड कंट्रोल मैनेजमेंट के लिए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गणेश गोशाला से भवानी माता मंदिर, दादाजी धाम तक मार्ग की व्यवस्था देखी। साथ ही मंदिर में पर्व के दौरान भक्तों के प्रवेश, निकासी के रास्तों की जानकारी ली। पर्व के दौरान मंदिर के अंदर क्या-क्या व्यवस्थाएं रहेगी, इससे मंदिर ट्रस्ट ने अवगत कराया। एसपी ने श्रद्धालुओं के आने जाने और ठहरने आदि व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

Published on:
03 Jul 2026 12:03 pm