खंडवा

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पड़ी भारी, खंडवा में तीन अधिकारियों का एक-एक माह का वेतन कटेगा

-आवेदनों के निराकरण में लापरवाही पर कलेक्टर ने की बीईओ, जनपद सीईआ, सीडीपीओ पर कार्रवाई -सीएम हेल्प लाइन के निराकरण नहीं होने पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को खुद मानिटरिंग करने के निर्देश
2 min read
Sep 01, 2026
CM Helpline
खंडवा. बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते कलेक्टर।

सीएम हेल्प लाइन के आवेदनों का निराकरण नहीं होने पर सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने नाराजगी जताई है। समय सीमा में आवेदन का निराकरण नहीं करने वाले तीन अधिकारियों पर कार्रवाई की गाज भी गिरी है। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने लापरवाही पर जनपद खालवा सीईओ रतिलाल कनासे, महिला बाल विकास के सीडीपीओ रूपसिंह सिसोदिया और शिक्षा विभाग की बीईओ कविता वर्मा का एक-एक माह का वेतन काटने के आदेश जारी किए है।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में आया सच सामने

कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज आवेदनों का समय सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि किए गए निराकरण की जानकारी पोर्टल पर दर्ज भी कराएं। कलेक्टर गुप्ता ने बैठक में कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण अधिकारी खुद करें, अपने कंप्यूटर ऑपरेटर के भरोसे ना छोड़े। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों को दूसरे विभाग को अनावश्यक ट्रांसफर ना करें।

प्राकृतिक आपदा के प्रकरणो का शीघ्रता से निराकरण हो

कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए की प्राकृतिक आपदा से पीडि़त ग्रामीणों के आरबीसी 6-4 के प्रकरणों को शीघ्रता से निराकृत करें। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से पीडि़त ग्रामीणों के मामले में पूरी संवेदनशीलता के साथ निर्णय लें, और त्वरित मदद उपलब्ध करवाएं। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत संचालित ग्रामीण पेयजल योजनाओं की की भी समीक्षा की। निर्देश दिए कि पूर्ण पेयजल योजनाओं को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संबंधित ग्राम पंचायत को हस्तांतरित किया जाए, तथा अपूर्ण पेयजल योजनाओं को शीघ्रता से पूर्ण करें।

कमजोर प्रगति वाले पटवारी होंगे निलंबित

कलेक्टर ने जनपद पंचायत के सीईओ से कहा कि पंचायतों द्वारा जलकर, संपत्ति कर एवं अन्य कर नियमित रूप से वसूल किया जाए। सभी तहसीलदारों को निर्देश दिए कि फसल गिरदावरी का काम शीघ्रता से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री संबंधित कार्य में कमजोर प्रगति वाले पटवारियो को निलंबित किया जाएगा। बैठक में नवागत अपर कलेक्टर श्रद्धा शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ ऐश्वर्या वर्मा, पुनासा के एसडीएम पंकज वर्मा, सहायक कलेक्टर शिल्पा चौहान, अपर कलेक्टर अरविंद चौहान एवं केआर बडोले सहित सभी अधिकारी उपस्थित थे।

Updated on:
01 Sept 2026 12:04 pm
Published on:
01 Sept 2026 12:04 pm