खंडवा

तीन शुभ योगों का महासंयोग… स्वाति नक्षत्र, आयुष्मान और बुधादित्य योग में मनेगी दीपावली, आधी रात को होगा विशेष पूजन

--श्री महालक्ष्मी मंदिर में वर्ष में एक बार होने वाला विशेष कौशंबा पूजन आज -रूप चौदस पर श्रीराधा-कृष्ण मंदिरों में रही भीड़, ब्यूटी पार्लर्स में भी रौनक
2 min read
• •
Updated: 8 Nov 2026, 11:43 AM IST
Diwali 2026
खंडवा. छोटी दीपावली रूप चौदस पर पटाखे फोडकऱ खुशियां मनाता परिवार।

पांच दिवसीय दीपोत्सव का मुख्य दिवस रविवार को मनाया जाएगा। दीपावली अमावस्या पर आज शुभ मुहूर्त में श्री गणेश, लक्ष्मी नारायण, मां सरस्वती, मां काली, कुबेर की पूजा की जाएगी। इसके पूर्व शनिवार को रूप चौदस पर बाजार में पूजन सामग्री, फूल मिष्ठान आदि खरीदी के लिए भीड़ उमड़ी। सुबह से महिलाओं ने श्री राधा कृष्ण मंदिर पहुंचकर पूजन किया। वहीं, शाम को शृंगार के लिए ब्यूटी पार्लर्स में भी महिलाओं की भीड़ नजर आई।

सुबह से रात्रि तक शुभ मुहूर्त में होगी पूजा

मां शीतला संस्कृत पाठशाला के आचार्य अंकित मार्कण्डेय ने बताया कि आज कई शुभ योगों के संयोग में दीपावली पूजन किया जाएगा। इसमें स्वाति नक्षत्र आयुष्मान योग, बुधादित्य योग के संयोग में भगवान का पूजन अर्चन किया जाएगा। आचार्य मार्कण्डेय ने बताया कि तुला राशि में सूर्य, चंद्रमा और बुध की युति से त्रिग्रही योग बन रहा है। आज के दिन सभी परिवार के साथ भगवान का पूजन अर्चन जप करे जिससे सभी को लाभ मिलेगा ।

रात 12.36 बजे से शुरू होगा कौशंबा पूजन

श्री महालक्ष्मी मंदिर में दीपावली पर रात 12.36 बजे से वर्ष में एक बार होने वाला कौशंबा पूजन होगा। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष सुभाष खंडेलवाल ने बनाया कि दीपावली महापर्व मुख्य दिवस प्रात: 5.30 बजे मंगला आरती, 6 बजे काकड़ा आरती, विशेष पूजन शृंगार आरती 8 बजे, 9 बजे यम दीपदान, 10 बजे विशेष पूजन कुमकुम अर्चन, 12 बजे नैवेद्य आरती, शाम 7 बजे विशेष कुबेर पूजन, रात्रि 8 बजे महालक्ष्मी की महाआरती तथा रात्रि 12.36 बजे महानिशा काल सिंह लग्न में दक्षिण भारतीय पद्धति द्वारा पं. बसंत महोदय द्वारा यंत्रराज श्री यंत्र आव्हान कौशाबा पूजन, द्राक्षार्चन एवं तर्पण मार्जन विशेष पूजन होगा।

दादाजी धाम में होगी पर्व की विशेष आरती

श्री दादाजी धूनीवाले धाम में भी दीपावली पर्व मनाया जाएगा। दादाजी धाम में दोपहर को बड़े दादाजी महाराज और छोटे दादाजी महाराज का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। रात को पूरे मंदिर को दीपकों से सजाया जाएगा। शाम 8 बजे को 108 दीपों से महाआरती होगी।

अमावस्या तिथि प्रारंभ

8 नवंबर सुबह 11.27 से
अमावस्या तिथि समाप्त
9 नवंबर दोपहर 12.31 तक

श्री महा लक्ष्मी पूजन मुहूर्त

चौघडिय़ा, अभिजीत, प्रदोष, लग्न अनुसार
प्रात: 9.27 से 12.14 लाभ अमृत
दोपहर 1.38 से 3.02 शुभ
सांय रात्रि 5.49 से 8.59 शुभ
वृश्चिक लग्न
प्रात: 7.18 से 9.34 बजे
अभिजीत मुहूर्त
सुबह 11. 46 से दोपहर 12.34
कुंभ लग्न
दोपहर 1.26 से 2.58
प्रदोष बेला मुहूर्त सांय रात्रि
5.41 से 08.05 तक
वृषभ लग्न सांय रात्रि
6.9 से 8.07 तक
सिंह लग्न मध्य रात्रि निशीथ काल
12.37 से 2.47

Updated on:
8 Nov 2026, 11:43 AM IST
Published on: